
सौराष्ट्र के पूर्व तेज गेंदबाज और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के रैफरी राजेंद्रसिंह जडेजा का कोविड-19 संक्रमण के कारण निधन हो गया. सौराष्ट्र क्रिकेट संघ ने रविवार को यह जानकारी दी. जडेजा 66 साल के थे. एससीए ने बयान में कहा कि एससीए में सभी राजेंद्र सिंह जडेजा के असामयिक निधन से दुखी हैं जो सौराष्ट्र के अतीत के सबसे शानदार क्रिकेटरों में से एक थे. कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए रविवार तड़के उनका निधन हो गया. जडेजा दाएं हाथ के उम्दा तेज गेंदबाज होने के अलावा अच्छे आलराउंडर भी थे. उन्होंने 50 प्रथम श्रेणी और 11 लिस्ट ए मैचों में क्रमश: 134 और 14 विकेट चटकाए. उन्होंने इन दोनों फॉर्मेट में क्रमश 1536 और 104 रन भी बनाए.
सौराष्ट्र के चयनकर्ता, कोच और मैनेजर भी रह चुके हैं जडेजा:-जडेजा 53 प्रथम श्रेणी, 18 लिस्ट ए और 34 टी20 मैचों में बीसीसीआई के आधिकारिक रैफरी भी रहे. वह सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के चयनकर्ता, कोच और टीम मैनेजर भी रहे.
बीसीसीआई और एससीए के पूर्व सचिव निरंजन शाह ने कहा कि राजेंद्र सिंह जडेजा स्तर, शैली, नैतिकता और शानदार क्रिकेट क्षमता वाले व्यक्ति थे. क्रिकेट के प्रति उनका समर्पण और योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. एससीए अध्यक्ष जयदेव शाह ने भी उनके निधन पर शोक जताया. उन्होंने कहा कि यह विश्व क्रिकेट की बड़ी हानि है. वह जिन लोगों से मैं मिला, उनमें सबसे शानदार व्यक्तियों में से थे. मैं भाग्यशाली रहा कि उनके हमारे मुख्य कोच, मैनेजर और मार्गदर्शक रहते मैंने कई मैच खेले.