मिल गए ईशान किशन, टीम इंडिया से बाहर होने के बाद जानिए अब कहां और किन हालात में हैं ईशान किशन

Ishan Kishan in Team India: स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस समय भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज खेली थी. इसके बाद से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) समेत टीम मैनेजमेंट को ईशान और उनके अगले प्लान दोनों के बारे में कुछ भी पता नहीं था.

मगर अब ईशान मिल गए हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, ईशान इस समय बड़ौदा के किरण मोरे एकेडमी में हार्दिक पंड्या और क्रुणाल पंड्या के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं. हार्दिक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस के कप्तान हैं. ईशान भी इसी टीम से खेलते हैं.

ईशान ने खुद ही क्रिकेट से ब्रेक लिया है

ऐसे में माना जा रहा है कि ईशान किशन अब सीधे IPL में ही खेलते नजर आएंगे. हालांकि उन्होंने इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं दी है. भारतीय टीम मैनेजमेंट और कोच राहुल द्रविड़ दोनों को ही ईशान के बारे में कुछ पता नहीं है.

हाल ही में जब द्रविड़ से ईशान के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि ईशान ने खुद ही क्रिकेट से ब्रेक लिया है. उन्होंने कहा कि वापसी को लेकर भी ईशान पर ही सबकुछ निर्भर है. कोच ने बताया था कि ईशान टीम में वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *