फ्रांस में कोरोना वायरस की 5वीं लहर शुरू, लगातार दूसरे दिन सामने आए 10,000 से ज्यादा केस, सरकार ने दी चेतावनी

फ्रांस में कोरोना वायरस की पांचवीं लहर शुरू हो गई है और देश के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने चेतावनी दी है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ओलिवर वेरन ने कहा कि इस ताजा लहर में कोरोना वायरस का संक्रमण बहुत तेजी से हो रहा है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने अभी रिपोर्ट में लिखा है कि स्वास्थ्य मंत्री वेरन ने टीएफ 1 चैनल पर कहा, ‘कई पड़ोसी देश पहले से ही कोविड-19 ​महामारी की पांचवीं लहर में हैं, जो हम फ्रांस में अनुभव कर रहे हैं. यह स्पष्ट रूप से कोरोना की पांचवीं लहर की शुरुआत की तरह दिखता है.’ फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बुधवार को 11,883 नए मामले दर्ज किए गए. वहां, लगातार दूसरे दिन 10,000 से अधिक नए मामले दर्ज हुए हैं.

बता दें, दुनिया का लगभग हर देश कोरोना माहमारी से जूझ रहा है. भारत में भी कोरोना की दूसरी लहर ने जबरदस्त कहर मचाया था. यहां अभी तक 4,61,849 लोग कोरोना संक्रमण की वजह से जान गंवा चुके हैं. वहीं, बुधवार तक 3,43,88,579 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके थे. जिसमें से 3,37,87,047 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है. हालांकि, सक्रिय मामलों की बात करें तो उनकी संख्या अभी घटकर 1,39,683 हो गई है, जो 264 दिन में सबसे कम है.

भारत में लगातार 33 दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामले 20 हजार से कम हैं और 136 दिन से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं. टीकाकरण की बात करें तो राष्ट्रव्यापी मुहिम के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 109.63 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *