ग्वालियर। चलती कार में नाबालिग से गैंगरेप, कांग्रेस विधायक के भतीजे सहित चार पर FIR

 

 

पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में 17 साल की नाबालिग का अपहरण कर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। वारदात को चार कार सवार लोगों ने अंजाम दिया। इनमें एक आरोपी पीड़िता का फेसबुक फ्रेंड और एक विधायक का भतीजा बताया गया है। ये और इनके दो साथी स्कॉर्पियो में सवार थे, जिन्होंने सरेराह नाबालिग का अपहरण कर गैंगरेप किया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट भी की। घटना 21 नवंबर की शाम 5.30 से शाम 7 बजे के बीच की है। पीड़िता ने थाने में शिकायत 25 नवंबर की रात की।

पुलिस ने रामू कुशवाह, सरविंद कुशवाह, छोटे खान सहित एक अज्ञात पर मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी सरविंद कुशवाह, सुमावली से कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह का भतीजा है और रामू कुशवाह भी उसी के परिवार का बताया जा रहा है। पुलिस ने रामू और सरविंद को हिरासत में ले लिया है। अब फरार दो आरोपियों की तलाश है और कार भी बरामद की जाना है।

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती

गैंगरेप के आरोपी रामू और पीड़ित किशोरी के बीच दोस्ती की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार करीब आठ महीने पहले दोनों फेसबुक पर फ्रेंड बने थे। इसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई। दोनों के बीच शादी की बात भी सामने आ रही है।

बैंक से लौटते समय मोतीझील पर किया अगवा, विरोध किया तो पीटा

पीड़ित नाबालिग ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि घटना वाले दिन वह किसी काम से बैंक गई थी। वहां से लौटकर घर की तरफ जा रही थी। रास्ते में मोतीझील पर रामू और उसके साथी अगवा कर उसे एकांत जगह ले गए और फिर गलत काम किया। विरोध करने पर उसे इतना पीटा कि वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने पूरा घटनाक्रम परिजनों को बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *