
एयरपोर्ट्स और पोर्ट बिजनेस में सफलता का स्वाद चखने के बाद गौतम अडाणी की कंपनी अडाणी ग्रुप ने अब सीमेंट सेक्टर में जबरदस्त एंट्री मारी है। अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज ने शनिवार को स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि अडाणी ग्रुप ने Adani Cement के नाम से एक फुल्ली-ओन्ड कंपनी की स्थापना की है।
रेगुलेटरी फाइलिंग में अडाणी एंटरप्राइजेज ने कहा कि अडाणी सीमेंट में अडाणी कैपिटल का 10 लाख रुपये का अथॉराइज्ड शेयर कैपिटल है 5 लाख रुपये का पेड-अप शेयर कैपिटल है. इस नई कंपनी में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 50 हजार इक्विटी शेयर हैं. अडाणी सीमेंट को 11 जून को गुजरात के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के साथ रजिस्टर्ड किया गया है, कंपनी ने अपना कारोबार अभी शुरू नहीं किया है, इस वजह से अभी इसका कोई टर्नओवर नहीं है. अडाणी एंटरप्राइजेज ने कहा कि अडाणी सीमेंट सभी प्रकार का सीमेंट का उत्पादन और बिक्री करेगी.
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा कैपिटल एक्सपेंडिचर में बढ़ोतरी करने का फायदा उठाने के लिए गौतम अडामी ने सीमेंट सेक्टर में कदम रखा है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनी पोर्ट और एयरपोर्ट बिजनेस की तरह की तेजी से छोटी-छोटी सीमेंट कंपनियों का अधिग्रहण कर सकती है.
इन कंपनियों से होगा अडाणी सीमेंट का मुकाबला:-इस सेक्टर में अडाणी सीमेंट का मुकाबला एसीसी सीमेंट, लाफार्ज, जेके सीमेंट, जेके लक्ष्मी सीमेंट, अंबुजा सीमेंट जैसी कंपनियों से होगा. इस कंपनी की स्थापना के बाद अडाणी ग्रुप का कारोबार अब एफएमसीजी से एयरपोर्ट और पावर ट्रांसमिशन से सीमेंट बिजनेस तक फैल जाएगा.
एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन चुके हैं गौतम अडाणी:-वर्ष 2021 बिजनेसमैन गौतम अडाणी के लिए जबरदस्त साबित हुआ है. अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में वर्ष 2021 में जोरदार रैली दिखी है, जिससे गौतम अडाणी की संपत्ति इस साल 43 बिलियन डॉलर से अधिक यानी करीब 3.15 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई और वे एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं.