महाकाल की भस्म आरती में गौतम गंभीर सपरिवार और अभिनेत्री सोनल चौहान शामिल, भारतीय टीम के कोच ने दर्शन कर मांगा आशीर्वाद

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भारतीय क्रिकेट टीम के कोच और पूर्व खिलाड़ी गौतम गंभीर सपरिवार भस्म आरती में शामिल हुए। उनके साथ फिल्म अभिनेत्री सोनल चौहान ने भी भगवान महाकाल की भस्म आरती में भाग लिया।

गौतम गंभीर पूरे परिवार के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे !

तड़के तीन बजे शुरू हुई भस्म आरती में गौतम गंभीर ने अपनी पत्नी नताशा जैन और दोनों बेटियों के साथ नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की भक्ति की। करीब दो घंटे तक आरती में शामिल होने के बाद उन्होंने मंदिर की देहरी से भगवान महाकाल के दर्शन किए और नंदी पर जल अर्पित किया। इसके बाद मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।

इस अवसर पर गंभीर ने कहा, यह मेरी तीसरी यात्रा है बाबा महाकाल के दरबार में। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनका आशीर्वाद देश, परिवार और सभी पर बना रहे।

अभिनेत्री सोनल चौहान ने भी बाबा महाकाल के दर्शन किए।

इधर, गौतम गंभीर के अलावा अभिनेत्री और गायिका सोनल चौहान भी भस्म आरती में शामिल हुईं। वे आरती के दौरान बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आईं और पूरे समय भगवान महाकाल का जप करती रहीं। सोनल चौहान ने भी देहरी से दर्शन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

दर्शन के बाद उन्होंने कहा, यहाँ आकर बहुत अद्भुत अनुभव हुआ। मंदिर की दर्शन व्यवस्था बहुत अच्छी है। ऐसा अनुभव मैंने कहीं और नहीं किया। ऐसा लगता है कि मैं बार-बार यहां आती रहूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *