जर्मनी में 28 मार्च तक बढ़ा लॉकडाउन, कुछ पाबंदियों पर रहेगी छूट

जर्मनी ने देश में कोरोना वायरस से निपटने के मद्देनजर लगे लॉकडाउन को और तीन सप्ताह यानी 28 मार्च तक बढ़ाने का फैसला किया है. हालांकि इस दौरान कुछ पाबंदियों में छूट दी जाएगी.जर्मनी की चांसलर एंजेल मर्केल और देश में 16 राज्यों के गवर्नर के बीच बुधवार को करीब नौ घंटे तक बातचीत हुई. इस दौरान कोरोना वायरस के नए स्वरूप के बढ़ते खतरे और सामान्य जीवन को पटरी पर लौटने को लेकर चर्चा की गई.

देश में पिछले सप्ताह छात्रों के लिए प्राथमिक स्तर तक के स्कूल खोल दिए गए थे। वहीं करीब ढाई महीने बाद सोमवार को ‘हेयरड्रेसर’ काम पर लौटे। बैठक में तय किए गए लॉकडाउन के नए नियम देश में रविवार से लागू किए जाएंगे। मर्केल और राज्यों के गवर्नर ने बुधवार को पाबंदियों में ढील देने की एक चरणबद्ध योजना भी तैयार की। बर्लिन में मर्केल ने पत्रकारों से कहा कि ये कदम हमें आगे कि ओर ले जाने के लिए होने चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘लेकिन, इसके साथ ही इससे वायरस से निपटने की दिशा में अभी तक हासिल हुई प्रगति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि यूरोप में तीसरी लहर के कई भयावह उदाहरण मौजूद हैं। मर्केल ने संकल्प लिया कि 2021 का वसंत पिछले साल के वसंत से अलग होगा। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में संक्रमण के मामले कम हैं, वहां गैरजरूरी सामान की दुकानें, संग्रहालय और अन्य केंद्र सीमित समय के लिए खुलेंगे।

अधिकतर दुकानें देश में 16 दिसंबर को लागू किए गए लॉकडाउन के समय से ही बंद हैं। वहीं रेस्तरां, बार, खेल केंद्र आदि पिछले साल दो नवंबर से बंद हैं। होटलों को केवल व्यवसाय के लिए यात्रा करने वाले लोगों को ठहराने की अनुमति दी गई थी। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के रॉबर्ट कोच ने बुधवार को बताया था कि पिछले हफ्ते करीब 25 हजार नमूनों की जांच में 46 फीसदी में ब्रिटेन में मिला कोविड-19 का नया स्वरूप मिला था।

उल्लेखनीय है कि देश में मंगलवार तक 5.3 फीसदी आबादी को कोविड-19 के टीके की पहली खुराक लग गई थी। इसके साथ ही 2.7 फीसदी को टीके की दूसरी खुराक भी लग चुकी है। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के अनुसार देश में बुधवार को कोरोना वायरस के 9,019 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24.6 लाख के पास पहुंच गई। वहीं 418 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 70,881 हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *