
दुनियाभर के कई देश फिर से कोरोना की चपेट में आते जा रहे हैं. ऐसे में नियमों को सख्त किया जा रहा है और कई देशों में तो लॉकडाउन बढ़ाने की नौबत तक आ गई है. इस कड़ी में अब कोरोना मामलों को देखते हुए जर्मनी ने लॉकडाउन आगे बढ़ाने का ऐलान किया है और लोगों से घर में ही रहने की अपील की गई है.कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए यहां 18 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है. जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल का कहना है कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है।
देश के 16 राज्यों के गवर्नरों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए मंगलवार चली लंबी बातचीत के बाद चांसलर एंजेला मर्केल ने कहा कि पूर्व में 28 मार्च तक लगाए गए प्रतिबंध 18 अप्रैल तक जारी रहेंगे। कोरोना वायरस के ब्रिटेन में पाए गए प्रकार के फैलने के बाद जर्मनी में संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं और प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की संख्या अमेरिका से भी ज्यादा हो गई है।
मर्केल ने बर्लिन में कहा कि हम महामारी के नए प्रकार से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम नए वायरस से मुकाबला कर रहे हैं जो पहले जैसा है लेकिन इसका स्वभाव अलग है। यह अधिक घातक और संक्रामक है तथा लंबे समय तक संक्रामक रह सकता है।
बता दें कि जर्मनी में कोरोना वायरस के कुल मामले 26 लाख से ज्यादा हैं और वहां अब तक 75,000 करीब लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो गई है।