
भारत सरकार ने जम्मू और कश्मीर का गलत नक्शा दिखाने पर विकिपीडिया को सख्त निर्देश दिया है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69 ए के तहत एक आदेश जारी किया है, जिसमें विकिपीडिया को अपने मंच से उस लिंक को हटाने का निर्देश दिया गया है। इसमें जम्मू और कश्मीर का गलत नक्शा दिखाया गया है।इस मामले को एक टि्वटर उपयोगकर्ता द्वारा सामने लाया गया. उसने कहा कि विकिपीडिया के भारत-भूटान संबंधों से जुड़े पृष्ठ में गलत तरीके से जम्मू-कश्मीर के नक्शे को दिखाया गया है और सरकार से इस मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया.
सूत्रों ने कहा कि मामले को संज्ञान में लेते हुए मंत्रालय ने 27 नवंबर, 2020 को आदेश जारी कर विकिपीडिया को नक्शे को हटाने को कहा, क्योंकि यह भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करता है.उसने कहा कि सरकार नक्शे में बदलाव नहीं होने की स्थिति में कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है. कार्रवाई के तहत पूरे मंच तक पहुंच को ‘ब्लॉक’ करना भी शामिल है.