MP: लहार में 3.31 करोड़ की अनाज ठगी: विधायक के साले से धोखाधड़ी, इंदौर के दो व्यापारी गिरफ्तार — देखें VIDEO

आरोपी व्यापारी अतुल सोनी और मोहित तरवटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

भिंड जिले के लहार में अनाज व्यापार के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी की गई। यह फर्जीवाड़ा लहार विधायक अंबरीश शर्मा के साले सुधांशु द्विवेदी की ट्रेडिंग फर्म के साथ किया गया। आरोप है कि तय एग्रीमेंट के बावजूद उन्हें घटिया क्वालिटी और कम वजन का अनाज भेजा गया।

पुलिस ने बीजेपी विधायक के साले की शिकायत पर इंदौर के पांच व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसमें से बुधवार को दो को गिरफ्तार किया गया है। शेष तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

यह था मामला

लहार पुलिस ने बताया कि वार्ड क्रमांक 13 निवासी सुधांशु द्विवेदी ने 8 महीने पहले धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि वह सूर्या ट्रेडिंग कंपनी और श्री गणेश ट्रेडिंग कंपनी के संचालक हैं। उन्होंने इंदौर की विष्णु उद्योग प्राइवेट लिमिटेड से 29 जुलाई 2023 से 29 जुलाई 2025 तक मक्का, गेहूं व सोयाबीन की सप्लाई का एग्रीमेंट किया था।

लहार विधायक अंबरीश शर्मा के साले सुधांशु द्विवेदी ने शिकायत दर्ज कराई है।

तय वजन से 2-3 टन कम अनाज भेजा

एग्रीमेंट के अनुसार कंपनी को 50 ट्रकों के माध्यम से नियमित रूप से खाद्यान्न सप्लाई करना था। फरवरी 2024 में सप्लाई शुरू भी हुई, लेकिन ज्यादातर ट्रकों में तय वजन से 2-3 टन कम अनाज पाया गया। कुछ ट्रकों में भेजा गया माल इतना खराब था कि ग्राहकों ने उसे रिजेक्ट कर दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंपनी डायरेक्टर अतुल सोनी ने जानबूझकर घटिया माल भेजा और भुगतान के बदले ली गई रकम को ई-कॉम शैल जैसी निजी कंपनियों में ट्रांसफर करवा लिया। पुलिस जांच में लगभग 3.31 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का प्रमाण दस्तावेजों, बैंक स्टेटमेंट व टैक्स इनवाइस से मिला।

इंदौर के पांच व्यापारी बने आरोपी

पुलिस ने शिकायती आवेदन की जांच के बाद विष्णु उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अतुल सोनी, योगेश लोढा, मोहित तटवडे, अभिषेक स्वर्णकार, प्रभात सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज लिया।

लहार पुलिस ने इस ठगी के मामले में बुधवार को आरोपी अतुल सोनी और मोहित तटवड़े को इंदौर से गिरफ्तार किया। दोनों को इंदौर से लाकर लहार न्यायालय में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जबकि, तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

 

लहार थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया

QuoteImage

प्राप्त आवेदन की जांच कराई, जिसमें मामला गंभीर निकलर। दस्तावेज, डेबिट नोट्स और अन्य प्रमाणों के आधार पर प्रथम दृष्टया पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य तीन आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *