
ग्वालियर में भाजपा नेता और पूर्व पार्षद शशि शर्मा की बर्थडे पार्टी में खूनी फसाद हुआ है। एक युवक की कुछ लड़कों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इस दौरान मृतक के पिता, दो भाई व चाचा को भी लाठियों से पीठा व तलवार मारी है। चारों की हालत गंभीर है। घटना रविवार-सोमवार दरमियानी रात सत्य नारायण की टेकरी की बताई जा रही है।
हत्या और हंगामा की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। घटना के बाद से ही सत्य नारायण टेकरी इलाके में तनाव है। बताया जा रहा है हमलावरों में दो लोग कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। हत्या का कारण इलाके में वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश है।
शहर के जनकगंज स्थित सत्य नारायण की टेकरी निवासी शशि शर्मा पूर्व पार्षद व भाजपा नेता हैं। रविवार को उनका जन्मदिन था। इसमें शामिल होने सत्य नारायण टेकरी निकवासी दिलीप उर्फ छोटू राठौर (30) अपने भाइयों, पिता व चाचा के साथ पहुंचा था। पूर्व पार्षद की बर्थडे पार्टी भी तीन अलग-अलग स्पॉट पर चल रही थी। एक भाजपा नेता के घर पर और दो अन्य सूरज शर्मा व कमलेश के घर पर चल रही थीं।
देर रात जब केक कटिंग का मौका आया तो छोटू, कमलेश के घर के सामने पहुंच गया। सूरज और कमलेश से उसका पुराना विवाद चल रहा था। दोनों के आमने-सामने आते ही बहस और गाली गलौज शुरू हो गई। कुछ ही देर में बर्थडे सेलिब्रेशन खूनी खेल में बदल गया। सूरज और कमलेश ने छोटू को गोली मार दी। गोली उसकी पीठ चीरते हुए सीने से बाहर निकल गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बचाने आए पिता, चाचा व भाइयों पर चाकू, तलवार से किया हमला
बर्थडे पार्टी में मौजूद छोटू के पिता, चाचा और दो भाई जब उसे बचाने के लिए दौड़े तो हमलावरों ने उन पर भी लाठी, सरिए, चाकू और तलवार से हमला कर दिया है। चारों भी घायल हो गए हैं। घटना के समय सूरज, कमलेश के अलावा उनके साथ चार से पांच अन्य लोग थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में छोटू को तो पहले ही मृत घोषित कर दिया, लेकिन चारों घायलों में से एक ही हालात नाजुक बनी है।
वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश
दोनों पक्षों में वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही है। पहले भी दोनों पक्षों में झगड़े हुए हैं, लेकिन रविवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आने पर यह खूनी फसाद में बदल गया। हमलावरों में दो का नाता कांग्रेस से होने का पता लगा है, लेकिन अभी पुलिस कोई पुष्टि नहीं कर रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव
भाजपा के पूर्व पार्षद की बर्थडे पार्टी में आधी रात गोली और तलवार चलना एक युवक की हत्या कार चार को मरणासन्न हालत में छोड़ देने के बाद से सत्य नारायण की टेकरी पर तनाव का माहौल है। एसएसपी राजेश सिंह चंदेल रात को ही घटना स्थल पर पहुंच गए थे। पुलिस ने जांच पड़ताल की है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की बात कही है।