
खराब मौसम और कोहरे की वजह से देश में फ्लाइट ऑपरेशन पर असर देखा जा रहा है। पिछले 4 दिनों में 650 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से उड़ीं या रद्द कर दी गई हैं। इससे पैसेंजर्स भी नाराज दिखे। क्रू से इनके झगड़े, बहस और नाराजगी की खबरें भी मिल रही हैं।
उधर, द डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने यात्रियों की दिक्कत देखते हुए विमान कंपनियों के लिए नई SOP जारी की। इसमें उड़ानें रद्द या लेट होने की स्थिति में यात्रियों के साथ उनका कम्युनिकेशन बेहतर करने पर जोड़ दिया है।
इसमें कहा है कि फ्लाइट में 3 घंटे या उससे ज्यादा देरी होने पर एयरलाइन कंपनी उसे रद्द कर दें। पैसेंजर्स को फ्लाइट देरी की जानकारी रियल टाइम में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। कंपनियों को फ्लाइट टिकट पर बोर्डिंग से इनकार करने, उड़ान रद्द होने या देरी के मामले में यात्रियों के अधिकारों की जानकारी भी देनी होगी।
दिल्ली जाना था, मुंबई ले गए… नाराज यात्रियों ने जमीन पर खाना खाया
रविवार को इंडिगो की गोवा से दिल्ली जा रही 6E 2195 फ्लाइट पहले तो 12 घंटे की देरी से उड़ी। फिर दिल्ली जाने के बजाय फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया। बताया गया कि सुबह 10:45 बजे की फ्लाइट रात को 10:06 बजे गोवा एयरपोर्ट से उड़ी।
घने कोहरे के चलते विमान एक घंटे बाद करीब 11:10 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा। इंडिगो एयरलाइंस के मुताबिक, पैसेंजर्स को मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने को कहा गया, इससे उनका गुस्सा और बढ़ गया। पैसेंजर्स ने टर्मिनल बिल्डिंग की ओर जाने से इनकार कर दिया और विमान से उतरकर एयक्राफ्ट पार्किंग में ही बैठ गए।
passengers of IndiGo Goa-Delhi who after 12 hours delayed flight got diverted to Mumbai having dinner just next to indigo plane pic.twitter.com/jGL3N82LNS
— JΛYΣƧΉ (@baldwhiner) January 15, 2024
इसके बाद पैसेंजर्स वहीं पर खाना खाने लगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसका वीडियो वायरल हो गया, जिसमें लोग एयक्राफ्ट पार्किंग में जमीन पर बैठकर खाना खाते हुए नजर आए। 15 सेकेंड के इस वीडियो में पैसेंजर्स के पीछे रनवे पर अन्य फ्लाइट्स को उड़ान भरते भी देखा गया।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने एयरलाइंस के मैनेजमेंट और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। दरअसल, पैसेंजर्स जिस जगह पर बैठे थे, उसे एप्रन या टरमैक कहा जाता है।
यहां एयरक्राफ्ट की पार्किंग, उसमें सामान की लोडिंग और अनलोडिंग होती है। इस जगह पर यात्रियों की मौजूदगी सुरक्षा चूक का मामला माना जाता है। विवाद बढ़ता देख इंडिगो एयरलाइंस ने माफी मांग ली है। कंपनी ने कहा- भविष्य में ऐसी स्थिति न हो, इसे लेकर ध्यान रखा जाएगा।