हार्दिक ने मंत्र पढ़कर गेंद डाली और विकेट मिला, विराट और सचिन गले मिले; भारत-पाकिस्तान मैच के ये टॉप मोमेट्स

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप का 12वां मुकाबला टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीता। टॉस जीत कर भारत ने पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 10 विकेट खो कर 42.4 ओवर में 191 रन बनाए, वहीं, भारत ने 30.3 ओवर में टारगेट चेज कर लिया।

इस मुकाबले में कई रोचक मोमेंट्स देखने को मिले। मैच से पहले बॉलीवुड सिंगर्स ने परफॉर्म किया। वहीं, मैच के दौरान भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर भी मौजूद रहे। मैच के बाद विराट कोहली ने बाबर आजम को टीम इंडिया की जर्सी दी।

इस खबर में हम मुकाबले के टॉप मोमेंट्स जानेंगे…

1. विराट और सचिन गले मिले
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर से गले मिले। मैच शुरू होने से पहले सचिन मैदान पर ट्रॉफी प्रेजेंट करने आए थे। इसके बाद सचिन और विराट आपस में मिले और बातचीत की। दोनों ने फिर एक-दूसरे को गले लागाया।

सचिन और विराट मैच से पहले गले मिले।
सचिन तेंदुलकर ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-पाक मैच से पहले वर्ल्ड कप की ट्रॉफी प्रेजेंट की
2. विराट गलती से बिना तिरंगे की जर्सी पहनकर उतरे
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली गलती से सफेद स्ट्रिप वाली जर्सी पहन कर उतरे। दरअसल एडिडास भारतीय टीम की जर्सी में कंधे पर 3 व्हाइट स्ट्रिप्स देता है। हालांकि वर्ल्ड कप के लिए एडिडास ने ट्राई कलर यानी तिरंगे के कलर की स्ट्रिप वाली जर्सी बनाई है। विराट गलती से दूसरी जर्सी पहन कर उतर गए। बाद में उन्होंने इसे चेंज किया।
मैच के शुरुआती ओवर्स में विराट कोहली व्हाइट स्ट्रिप वाली फुल स्लीव जर्सी पहन कर उतरे।
कुछ देर बाद विराट ने अपनी जर्सी चेंज की और कंधे पर ट्राई कलर स्ट्रिप वाली हाफ स्लीव जर्सी पहन कर उतरे।
3. हार्दिक ने मंत्र पढ़ कर बॉल डाली और इमाम को सेंडऑफ दिया
13वें ओवर की दूसरी बॉल हार्दिक पंड्या ने शॉर्ट पिच फेंकी, इस पर इमाम-उल-हक ने चौका लगा दिया। अगली बॉल से पहले हार्दिक ने गेंद हाथ में ली और मंत्र पढ़ने की तरह गेंद को कुछ बोलते नजर आए। तीसरी बॉल उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ फेंकी और इमाम कॉट बिहाइंड हो गए। विकेट लेने के बाद हार्दिक ने इमाम को सेंड ऑफ देते हुए पवेलियन जाने का इशारा किया।
13वें ओवर की तीसरी बॉल से पहले हार्दिक ने बॉल को हाथ में ले कर कुछ बोला।
ओवर की तीसरी बॉल पर इमाम का विकेट लिया। विकेट लेने के बाद पंड्या ने इमाम को बाय करने का इशारा किया।

4. DRS में बच गए रिजवान
मोहम्मद रिजवान DRS लेने के कारण आउट होने से बच गए। 14वें ओवर की दूसरी बॉल रवींद्र जडेजा ने लेग स्टंप पर फुलर लेंथ फेंकी, बॉल सीधे रिजवान के पैड्स पर लगी। भारत ने अपील की और अंपायर ने रिजवान को LBW करार दिया। रिजवान ने DRS ले लिया, रिप्ले में दिखा कि बॉल लेग स्टंप को मिस करते हुए जा रही थी। इस कारण रिजवान नॉटआउट रहे।

इम्पैक्ट: इस जीवनदान से रिजवान को पारी आगे बढ़ाने का मौका मिला और उन्होंने बाबर के साथ 82 रन की सॉलिड पार्टनरशिप की।

अंपायर के आउट देने पर रवींद्र जडेजा सेलिब्रेट करने लगे, लेकिन DRS लेने के कारण मोहम्मद रिजवान बच गए।

5. सिराज ने बाबर को बोल्ड किया
30वें ओवर की चौथी बॉल पर भारत के पेसर मोहम्मद सिराज ने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को क्लीन बोल्ड कर दिया। सिराज ने बाबर को क्रॉस सीम बॉल फेंकी। इसे बाबर समझ नहीं सके और बोल्ड हो गए।

इम्पैक्ट: सिराज की बॉल से बाबर की अर्धशतकीय पारी खत्म हुई। रिजवान के साथ उनकी 82 रन की पार्टनरशिप पर भी ब्रेक लगा। इसके बाद पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई।

6. बुमराह ने रिजवान और शादाब को बोल्ड किया
भारत के पेसर जसप्रीत बुमराह ने बैक टु बैक मोहम्मद रिजवान और शादाब खान को क्लीन बोल्ड किया। 34वें ओवर की आखिरी बॉल पर मोहम्मद रिजवान 49 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे। बुमराह ने स्लोअर ऑफकटर फेंकी। रिजवान स्पीड से बीट हुए और बॉल सीधे स्टंप्स से जा लगी।

इसके बाद 36वें ओवर की दूसरी बॉल बुमराह ने स्पीड फास्ट की और फिर आउटस्विंगर फेंकी। शादाब बॉल को समझ नहीं पाए और बोल्ड हो गए।

इम्पैक्ट: बुमराह ने पहले से सेट बल्लेबाज रिजवान को आउट किया, फिर शादाब को भी पवेलियन भेज दिया। इन झटकों से पाकिस्तान टीम उबर नहीं सकी और 191 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

7. रन आउट होने से बचे कोहली, लेकिन अगले ही ओवर में आउट हो गए
9वें ओवर में विराट कोहली रन आउट होने से बाल-बाल बचे, लेकिन 10वें ओवर में कैच आउट हो गए। ओवर की तीसरी बॉल हारिस रऊफ ने फुल टॉस फेंकी, रोहित ने पंच किया, लेकिन बॉल मिड-ऑन फील्डर के हाथ में चली गई। रोहित रन दौड़ने के लिए आधी पिच तक आ गए, लेकिन कोहली क्रीज में ही रहे।

रोहित को अपनी ओर आते देख कोहली ने भी रन लेना शुरू किया, इतने में फील्डर शाहीन अफरीदी ने स्ट्राइकर एंड पर थ्रो फेंक दिया। कोहली ने डाइव लगाई, लेकिन अफरीदी का थ्रो स्टंप्स पर नहीं लगा। अगर थ्रो लगता तो विराट को पवेलियन लौटना पड़ता। विराट इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और अगले ही ओवर में कैच आउट हो गए। उन्हें हसन अली ने पवेलियन भेजा।

कोहली ने रनआउट से बचने के लिए डाइव लगाई।

8. विराट ने बाबर को जर्सी दी
मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम भारत के बल्लेबाज विराट कोहली से मिले। इस दौरान बाबर ने विराट से जर्सी मांगी। विराट कोहली ने अपनी टीम इंडिया की जर्सी पर ऑटोग्राफ दिया और बाबर को दी। इसके बाद दोनों प्लेयर्स के बीच लंबी बातचीत हुई। दोनों साथ में हंसते हुए नजर आए।

विराट ने बाबर को अपनी जर्सी दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *