ब्रिटिश कलाकार के साथ दूसरी शादी रचाने जा रहे हैं पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे,सिर्फ 15 मेहमान आएंगे

38 साल लंबा वैवाहिक जीवन व्यतीत करने के बाद देश के पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे दूसरा विवाह करने जा रहे हैं। साल्वे 28 अक्तूबर को लंदन की रहने वाली और पेशे से कलाकार कैरोलिन ब्रोसार्ड से शादी रचाने जा रहे हैं। बता दें कि साल्वे इसी साल जून में अपनी पत्नी मीनाक्षी साल्वे से कानूनी रूप से अलग हो गए थे। साल्वे (65) और ब्रोसार्ड (56), दोनों की ही यह दूसरी शादी है।

बताया जाता है कि साल्वे और कैरोलिन की मुलाकात एक आर्ट एग्जीबिशन में हुई थी। दोनों एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते हैं। दोनों की यह दूसरी शादी है। हरीश साल्वे की 2 बेटियां हैं। 56 साल की कैरोलिन की भी 18 साल की एक बेटी है। साल्वे ने अपने इस रिश्ते के बारे में कहा कि वे और कैरोलिन थिएटर, क्लासिकल म्यूजिक और आर्ट का जुनून रखते हैं। यही बात उन्हें करीब लाई।

हरीश साल्वे का कहना कि हमारी शादी का कार्यक्रम बहुत छोटा होगा। इसमें 15 मेहमान ही शामिल होंगे। इनमें कैरोलिना का परिवार और साल्वे की ओर से कैमिला व नमिता पंजाबी शामिल होंगे। ब्रिटेन में इंडियन रेस्त्रां चलाने वालीं नमिता वहां का जाना-माना नाम हैं।

सबसे महंगे वकीलों में शुमार हैं साल्वे
वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे देश के सबसे महंगे वकीलों में से एक है। वह इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में भारत की ओर से कुलभूषण जाधव की पैरवी कर चुके हैं। इसके अलावा वोडाफोन, मुकेश अंबानी, रतन टाटा और आईटीसी होटल्स के केस भी लड़ चुके हैं। जनवरी में उन्हें इंग्लैंड एंड वेल्स की क्वींस काउंसिल के लिए चुना गया। लंदन में रहते हुए भी वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारत में वकालत कर रहे हैं।

लॉकडाउन में भी चर्चित मामलों की पैरवी की
लॉकडाउन में भी वह सबसे व्यस्त वकीलों में शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में कुछ हाई प्रोफाइल केस लड़े। इनमें फेसबुक के वाइस प्रेसिडेंट, जर्नलिस्ट अर्नब गोस्वामी और लोन मोरेटोरियम मामले में बैंक एसोसिएशन की ओर से पैरवी की। उनका कहना था कि लंदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बहस करने में काफी सहज महसूस करते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *