
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण कराए जाने के साथ ही देश में दूसरे चरण के वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरुआत हो गई. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजधानी दिल्ली के एम्स अस्पताल में कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है. वैक्सीन लगवाने के बाद पीएम मोदी ने कहा, ”कोरोना वायरस के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूती देने में जिस तेज़ी से हमारे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने काम किया है वो उल्लेखनीय है. जो लोग वैक्सीन लेने योग्य हैं, मैं उन सभी से वैक्सीन लगवाने की अपील करता हूं. साथ मिलकर भारत को कोरोना मुक्त बनाते हैं.” वहीं हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने फौरन बाद ट्वीट किया कि उन्हें वैक्सीन की जरूरत नही है. उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई है. इसके साथ ही विज ने लोगों से बढ़ चढ़कर टीका लगवाने की अपील की है.
उन्होंने ट्वीट किया, “आज आम जनता के लिए कोरोना वैक्सीन शुरू होने जा रही है. सब को निस्संकोच लगवानी चाहिए. मैं तो नही लगवा पाऊंगा क्योंकि कोविड होने के बाद मेरी एंटीबाडी 300 बनी है जोकि बहुत ज्यादा है. शायद मैंने जो ट्रायल वैक्सीन लगवाई थी इसमे उसका भी योगदान हो. मुझे अभी वैक्सीन की जरूरत नही है.”
बता दें कि निजी अस्पताल कोविड-19 वैक्सीन की प्रति खुराक 250 रुपये शुल्क वसूल सकेंगे. आज से शुरू हुआ टीकाकरण का दूसरा चरण छह सप्ताह चलेगा. टीका लगवाने के इच्छुक लोगों को CoWIN पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. इसी पोर्टल पर पात्र लाभार्थी अपनी पसंद का केंद्र चुन सकते हैं और उपलब्ध स्लॉट के आधार पर अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं.