खाली पेट इन पांच चीजों का करें सेवन,मोटापा कम करने में हैं मददगार

मोटापा या बढ़ता वजन आज की सबसे बड़ी समस्या है और इस समस्या से दुनियाभर में लाखों-करोड़ों लोग पीड़ित हैं। मोटापे के कई कारण हो सकते हैं, जिसमें ऊर्जा के सेवन और ऊर्जा के उपयोग के बीच असंतुलन शामिल है। इसके अलावा अधिक चर्बीयुक्त आहार का सेवन करना, कम व्यायाम करना और स्थिर जीवन-यापन भी मोटापे का कारण है। दरअसल, शारीरिक क्रियाओं के सही ढंग से नहीं होने पर शरीर में चर्बी जमा होने लगती है, जिससे शरीर में मोटापा आ जाता है। मोटापा शारीरिक और मानसिक स्तर पर जीवन में कई सारे परिवर्तन लाता है। अगर सही समय पर इसपर ध्यान नहीं दिया गया तो यह आगे चलकर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।

गर्म पानी के साथ घी और नींबू
हर रोज सुबह खाली पेट गर्म पानी में घी और नींबू मिलाकर पीने से शरीर का मेटाबॉलिज्म बढ़ता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है। इसकी सलाह तो विशेषज्ञ भी देते हैं। इसके सेवन से पाचन तंत्र भी सही रहता है, जिससे कब्ज की समस्या में भी राहत मिलेगी।

इन चीजों से बनी चाय पिएं
500 मिलीलीटर पानी में एक चम्मच जीरा, एक चम्मच सौंफ, एक चम्मच धनिया के बीज, एक इलायची और थोड़ी सी अजवाइन डालकर उसे तब तक उबालें, जब तक पानी की मात्रा आधी न हो जाए। अब इस मिश्रण को घूंट-घूंट करके पिएं। रोज सुबह खाली पेट ये मिश्रण पीने से मोटापे को कम करने में मदद मिलेगी।

गर्म पानी में इलायची
पांच से छह इलायची को छीलकर उसे रातभर पानी में भिगो दें और सुबह उसी पानी को गर्म करें। इस पानी को दिन में तीन से चार बार पीने से आपका मोटापा कम होगा।

दालचीनी की चाय
मोटापे को कम करने के लिए बहुत से लोग ग्रीन टी पीते हैं। इसे अगर आप शहद और दालचीनी के साथ मिलाकर पिएंगे तो इसका फायदा दोगुना हो जाता है। हर रोज सुबह खाली पेट इसके सेवन से वजन कम करने में मदद मिल सकती है।

काली मिर्च की चाय
काली मिर्च और अदरक को गर्म पानी में पांच मिनट तक उबालें और फिर उसे छान लें। अब उसमें शहद और नींबू का रस मिलाकर पिएं, इससे मोटापा कम करने में मदद मिलती है। दरअसल, काली मिर्च में मौजूद पाइपेरिन फैट बर्न करने में मदद करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *