ये आपबीती कैप्टन बाबा उर्फ अशोक खरात के खिलाफ पहली FIR कराने वाली महिला की है। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित और उनका परिवार बदनामी की वजह से सामने नहीं आना चाहता। ज्यादातर घर छोड़कर जा चुकी हैं।
खरात पर अब तक 12 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इनमें 8 सेक्शुअल हैरेसमेंट की हैं। पुलिस को 58 अश्लील वीडियो मिले हैं। जांच में सामने आया है कि 150 से ज्यादा महिलाएं रेप और सेक्शुअल हैरेसमेंट की शिकार हो सकती हैंI नासिक SIT से बाबा के खिलाफ शिकायत करने वाली पहली पीड़ित की आपबीती जानी और वकीलों से बात की

कैप्टन बाबा उर्फ अशोक खरात की ये पुरानी फोटोज उसके फॉरेन ट्रिप्स की हैं।
पहली पीड़ित से कॉन्टैक्ट करते समय पुलिस का फोन आया, कहा- उनसे बात न करें नासिक पुलिस ने अशोक खरात को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ पहली FIR प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली 30 साल की महिला ने करवाई थी। महाराष्ट्र पुलिस से जुड़े एक सोर्स के जरिए हमें विक्टिम की लोकेशन और फोन नंबर मिला। जब संपर्क किया, तो घरवालों ने रॉन्ग नंबर बताकर फोन काट दिया।
फोन कटने के कुछ देर बाद SIT में शामिल एक इंस्पेक्टर का फोन आया। उन्होंने हमारी पहचान पूछी और पीड़ित को फोन करने की वजह जानी। वे कहती हैं, ‘नासिक पुलिस हर महिला की गोपनीयता का ध्यान रख रही है। उनसे संपर्क न करें। पीड़ितों के साथ हुआ अपराध बेहद गंभीर है। इसलिए परिवारों की लगातार काउंसलिंग हो रही है।’
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़े वीडियोज हैं, तो तुरंत हटा दें और फॉरवर्ड न करें। ऐसा करने पर लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी और मुकदमे का प्रावधान है।
बेटी बोलकर भरोसे में लिया, 78 हजार रुपए में दो पत्थर दिए, फिर रेप पहली FIR कराने वाली महिला तक पहुंचना मुश्किल था, इसलिए हमने उनके वकील और पुलिस को दिए बयान खंगाले। इसके जरिए कैप्टन बाबा का महिलाओं के फंसाने का तरीका समझने की कोशिश की। हमें उसकी 17 मार्च की FIR मिली। पुलिस को दिए बयान में महिला ने 4 अहम बातें कही हैं…
1. पीड़िता 2019 में रिश्तेदार के जरिए बाबा से मिली। वो शादी को लेकर परेशान थी। 2. खरात ने दैवीय शक्ति होने का झूठा दावा किया और बेटी बोलकर भरोसे में लिया। 3. 50 हजार और 28 हजार रुपए के खास पत्थर दिए। दोनों ताबीज की तरह पहनने के लिए कहा। 4. नशीला पदार्थ पिलाकर नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 तक रेप किया।

पीड़िता ने आगे बताया, ‘मैं 2019 में पहली बार खरात से मिली। बाबा ने कहा कि तू चिंता मत कर, तुझे पुखराज पत्थर देता हूं। उसे खंडोबा मंदिर ले जाना। वहां भगवान को 11 नारियल चढ़ाकर पत्थर गले में लॉकेट बनाकर पहन लेना। तेरी शादी अच्छी जगह हो जाएगी।’
‘नवंबर 2022 में मेरी सगाई हुई। मंगेतर के साथ बाबा से आशीर्वाद लेने गई। बाबा ने कहा कि शादी से पहले ईशान्येश्वर महादेव मंदिर में सिद्धपूजा करनी होगी। मंदिर में होने वाले पूजा विधान के बारे में बताने के लिए ऑफिस बुलाया। यहीं पहली बार रेप किया। इसके बाद तीन साल तक कई बार रेप किया।’
पीड़ित के मुताबिक, शादी के बाद भी पति की मौत और बदनामी का डर दिखाकर खरात धार्मिक पूजा के लिए ऑफिस बुलाता था। तंग आकर 17 मार्च 2026 को मैंने सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करा दी।
हिरासत में खरात लेकिन डर कायम, पीड़ित सामने नहीं आ रहीं नासिक कोर्ट में वकीलों के जरिए हमें पीड़ित महिला के वकील एमवाई काले का नंबर मिला। उनका कहना है कि इस केस ने पीड़ित महिलाओं की जिंदगी पर गहरा असर डाला है। डर से कई गवाह और पीड़ित चुप हैं, इसलिए जांच में रुकावट आ रही है।

काले दावा करते हैं कि खरात के खिलाफ जितने मामले सामने आए हैं, वो उसके अपराध की तुलना में बहुत कम हैं। अभी उस पर दर्ज पहली FIR पर ही जांच शुरू हुई है। हमने खरात पर लगे आरोपों पर उसके वकील सचिन भाटे से भी बात की। उन्होंने मामला कोर्ट में होने का हवाला देकर कुछ कहने से इनकार कर दिया।

खरात का ऑफिस, जहां 58 महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाए गए… 10×12 का ऑफिस, दीवार पर लिखा- ‘कोशिश करने वालों की हार नहीं होती’ हम नासिक टाउन में खरात के ऑफिस पहुंचे, जहां वो महिलाओं को बुलाता था। उससे जुड़े 58 अश्लील वीडियो इसी ऑफिस के हैंI ये ऑफिस नासिक के कनाडा कॉर्नर इलाके में हैं। यहां बड़े अक्षरों में लिखा है- ‘ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स एंड डेवलपर्स’।
1998 में खरात रियल एस्टेट एजेंट का काम करता था। जमीन के सौदों के दौरान रसूखदार लोगों के संपर्क में आया। उसे अंकशास्त्र में दिलचस्पी थी। धीरे-धीरे उसने भविष्य बताना शुरू कर दिया।
2014 में खरात ने कनाडा कॉर्नर इलाके में 10 बाई 12 का ये ऑफिस खोला। 6 साल में नासिक का जाना-माना भविष्यवक्ता बन गया। कोरोना के दौरान 2021 में उसके पास आने वालों की संख्या बढ़ने लगी। 2024 में हालत ये हो गई कि अपॉइंटमेंट के लिए 10 से 25 हजार रुपए लेने लगा। तब भी 3 महीने बाद मिलने का नंबर आता था।

खरात के ऑफिस के सामने एसएस कंस्ट्रक्शन नाम की रियल एस्टेट फर्म है। यहां मिले सागर डाउकर कहते हैं, ‘खरात के ऑफिस में हर शनिवार सुबह 8 बजे से ही लोगों की लाइन लगने लगती थी। पूरा ऑफिस 2 हिस्से में बंटा है। पहले वेटिंग एरिया है। खरात का केबिन इससे सटा हुआ है। केबिन के चारों तरफ काले रंग के शीशे लगे हैं। इससे अंदर क्या हो रहा है, ये बाहर बैठे लोगों को दिखाई नहीं देता था।’
आस-पास के लोगों ने बताया कि खरात के दफ्तर में एंट्री पॉइंट पर तिरंगा लगा था। दीवार पर ‘लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती’ जैसी मोटिवेशनल लाइन लिखी थी। 28 मार्च को SIT ने ऑफिस सील कर दिया।

खरात के ओकस प्रॉपर्टी वाले ऑफिस की तस्वीर। इसमें केबिन भी नजर आ रहा है, जिसमें काले शीशे लगे थे।

ऑफिस स्टाफ ने बाबा के ऑफिस में लगाया खुफिया कैमरा हमने अशोक खरात के पुराने ऑफिस स्टाफ से संपर्क करने की कोशिश की। वो पिछले साल तक अशोक खरात के ऑफिस में असिस्टेंट था। खरात उसे 8 हजार रुपए सैलरी देता था।
SIT को दिए बयान में स्टाफ ने बताया, ‘2023 में प्रेग्नेंट पत्नी को लेकर मैं खरात के पास गया था ताकि बच्चा स्वस्थ पैदा हो। उसने धार्मिक पूजा के बहाने पत्नी से छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद से ही मैंने खरात की करतूतों पर नजर रखनी शुरू कर दी। उसका पर्दाफाश करने के लिए दोस्त की मदद से ऑफिस में एक हिडन कैमरा लगाया। फिर बाबा का सच सामने आ गया।’
‘कैप्टन बाबा 100 रुपए प्रति किलो के भाव से इमली के बीज खरीदता था। फिर उन्हें पॉलिश करके भक्तों को 10 हजार से लेकर एक लाख रुपए प्रति मुट्ठी के भाव से बेचता था। उसने धर्म के नाम पर कई महिलाओं के साथ गलत किया।’

महाराष्ट्र पुलिस से जुड़े एक सोर्स के मुताबिक, 29 दिसंबर 2025 को खरात ने 2 लोगों के खिलाफ पांच करोड़ की वसूली का केस दर्ज करवाया था। खरात ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उसका अश्लील AI मॉर्फ वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे हैं। तब बाबा के असिस्टेंट पर भी शक जताया गया था।
खरात की FIR के डेढ़ महीने बाद 18 फरवरी को 24 साल की युवती ने उसी असिस्टेंट के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। उसने असिस्टेंट पर उसकी अश्लील फोटो शेयर करने का आरोप लगाया था। तब से खरात का असिस्टेंट महाराष्ट्र पुलिस की निगरानी में है।
18 दिन में 12 FIR, महिलाओं के फंसाने का खास पैटर्न नासिक SIT से जुड़े एक सीनियर अफसर कहते हैं, ‘अशोक खरात के खिलाफ दर्ज रेप की सभी शिकायतों में एक कॉमन पैटर्न है। मुकदमा दर्ज करवाने वाली ज्यादातर महिलाओं का कहना है कि बाबा तंत्र पूजा करने के बाद उन्हें धमकाता था। उनके दिमाग में ये बात डालने की कोशिश करता कि अगर वो ये बात किसी से कहेंगी, तो उनके बच्चों के साथ बुरा होगा या परिवार में कोई अनहोनी हो सकती है।’
अशोक खरात मामले की जांच के लिए बनाई गई नासिक पुलिस की SIT टीम में 24 लोग शामिल हैं। इनमें 2 DSP, 3 SI, 3 ASI, 10 इंस्पेक्टर और 6 अतिरिक्त पुलिसकर्मी शामिल हैं। ये टीम तकनीकी सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर खरात के नेटवर्क और क्राइम को खंगाल रही है