
लहसुन हमारे खाने का स्वाद बढ़ाने का काम तो करता ही है, साथ ही ये हमारी सेहत के लिए भी काफी लाभकारी होता है। इसमें कई गुणकारी तत्व मौजूद होते हैं, जो हमें कई बीमारियों से कोसों दूर रखने में मदद करते हैं। बाकी मसालों की तरह ही लहसुन में कई गुण मौजूद होते हैं, लेकिन इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण हमें कई लाभ देते हैं। दाल, हरी सब्जियों समेत कई अन्य खाने में लहसुन का छौंक लगाया जाता है। लहसुन में कई विटामिन, आयरन, फाइबर, कैल्शियम, कॉपर और पोटेशियम जैसे कई तत्व मौजूद होते हैं, और ये सभी हमें किसी न किसी बीमारी से बचाने में लाभ देते हैं। तो चलिए जानते हैं उन बीमारियों के बारे में जिनसे बचने में आपकी मदद लहसुन कर सकता है।
आज के दौर में लोगों को हार्ट अटैक होने का खतरा काफी बढ़ गया है। कोलेस्ट्रॉल लेवल और ब्लड प्रेशर बढ़ने की वजह से लोगों में हार्ट अटैक होने की संभावना बढ़ जाती है। कई स्टडी बताती हैं कि अगर लहसुन का सेवन किया जाए तो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखा जा सकता है। इसके लिए आपको अपने खाने में लहसुन को शामिल करना चाहिए। आप दाल में तड़के के रूप में या हरी सब्जियों समेत कई अन्य तरीकों से लहसुन का सेवन कर सकते हैं। ऐसा करने से हार्ट अटैक को रोकने में काफी मदद मिल सकती है।
सर्दियों में हम अपने शरीर को गर्माहाट देने के लिए ज्यादा कपड़े पहनते हैं, गर्म खाना खाते है और आग जलाकर या फिर हीटर की गर्मी लेते हैं, ताकि खुद को गर्म रख सके। लेकिन अगर सर्दियों में लहसुन का सेवन किया जाए, तो शरीर को गर्म रखने में ये मदद कर सकता है। लहसुन की तासीर गर्म होने की वजह से सर्दियों में इसका सेवन करने से लाभ मिलते हैं। सर्दियों में सुबह लहसुन की एक कली खाने से ये हमारे शरीर को गर्म रखने में ये काफी मदद कर सकता है।
जब भी मौसम बदलता है, तब हमें सर्दी-जुकाम, बुखार या कई अन्य तरह के फ्लू होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। लेकिन अगर इस दौरान लहसुन का सेवन किया जाए, तो ये आपको फायदा भी दे सकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं जो हमारे इमूयन सिस्टम को मजबूत करने और बूस्ट करने में काफी मदद करते हैं। दाल और सब्जियों में लहसुन मिलाकर खाने से इसका लाभ लिया जा सकता है।
लहसुन हमारी त्वचा के लिए भी काफी लाभदायक होता है। लहसुन एंटीफंगल, एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल होता है, जिसकी वजह से इसका सेवन करने से ये हमारी त्वचा को कई फायदे दे सकता है। यही नहीं, लहसुन हमारे खाने को पचाने का काम भी करता है। हमारे इंटेस्टाइन में जो खराब बैक्टीरिया मौजूद होते हैं, उनका सफाया लहसुन कर सकता है। इसलिए जब भी पाचन जैसी समस्या होती है, तो इसके सेवन की सलाह दी जाती है, ताकि इसका लाभ लिया जा सके।