
हम अपने भोजन में कई तरह की चीजों को शामिल करते हैं और खासकर ऐसी चीजों को जो हमारी भूख मिटाने के साथ ही हमारी सेहत को भी फायदा दें। ऐसे में हम प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन से भरी चीजें खाते हैं। अपने आहार में हम ऐसी चीजों को ज्यादा से ज्यादा शामिल करते हैं। इन्हीं में से एक चीज है साबूदाना। लोग इसकी खिचड़ी बनाते हैं या फिर कई लोग इसकी खीर भी बनाते हैं, जो कि हमारे शरीर को कई फायदे देती है। साबूदाना खाने के कई ऐसे लाभ हैं, जो हमें इसके सेवन से मिल सकते हैं। अगर आप इसका सेवन नहीं करते हैं, तो यकीन मानिए इसके फायदे जानने के बाद जरूर करने लगेंगे। तो चलिए जानते हैं इस बारे में।
हम लोग जोड़ों के दर्द और अपनी हड्डियां कमजोर होने की काफी शिकायत करते हैं। हड्डियां कमजोर होने की वजह से हमें शरीर में कई जगहों पर दर्द का सामना करना पड़ता है, लेकिन अगर आप साबूदाने का सेवन करते हैं तो इससे आपको हड्डियों को मजबूत करने में फायदा मिल सकता है। हड्डियों को मजबूत करने और उनके विकास के लिए हमें कैल्शियम की जरूरत होती है, और साबूदाने में कैल्शियम की अच्छी मात्रा पाई जाती है। साबूदाने में मैग्नीशियम की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो हमारी हड्डियों को टूटने से बचाने समेत कई अन्य लाभ भी देती है।
वैसे तो काफी लोग अपने वजन को कम करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन कई ऐसे लोग भी होते हैं जिनके शरीर को कुछ लगता ही नहीं है। ऐसे में उनका वजन नहीं बढ़ता और वो दुबले-पतले से रहते हैं, लेकिन आप घबराइए मत, क्योंकि अगर आपको अपना वजन बढ़ाना है तो आप साबूदाने का सेवन कर सकते हैं। इसमें कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो आपके वजन बढ़ाने में आपकी मदद कर सकती है।
कई बार आप जब कोई भी काम करते होंगे, तो आप जल्दी थक जाते होंगे और आपको अपने शरीर में ऊर्जा की कमी महसूस होती होगी। अगर आपके साथ ऐसा होता है, तो आपको साबूदाना खाना चाहिए। इसके सेवन से हमारे शरीर को नई ऊर्जा मिलने के साथ ही ये हमें देर तक काम करने की शक्ति देता है। साबूदाने में प्रोटीन मौजूद होता है, जो हमारी मांसपेशियों को थकने से रोकने में मदद करता है। इससे आप बिना थके ज्यादा देर तर काम कर सकते हैं। साथ ही इसमें पाए जाने वाला कार्बोहाइड्रेट भी हमें ऊर्जा देने का काम करता है।
साबूदाने में पोटेशियम, फाइबर और फास्फोरस पाया जाता है, जो कि हमारे उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने में हमारी मदद कर सकता है। फाइबर प्लाज्मा कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करके रक्तचाप को नियंत्रित करता है। वहीं, साबूदाने में सोडियम की काफी कम मात्रा होती है। इसलिए हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए इसका सेवन करना काफी फायदेमंद हो सकता है।