अब भोपाल में भी लोगों पर चढ़ा दी कार, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं को रौंदा – देखे विडीओ

पहले लखीमपुर खीरी, फिर जशपुर और अब भोपाल में कार से रौंदने की घटना सामने आई है। शनिवार की रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक तेज रफ्तार कार की चपेट में तीन युवक आ गए. इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है. यह मामला भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र का है. घटना रात सवा 11 बजे के करीब की है.

वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग एक जुलूस में सड़क पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नाचते-गाते जा रहे हैं. तभी एक तेज रफ्तार कार रिवर्स गियर में लोगों को टक्कर मारते हुए गुजर जाती है. इस हादसे में तीन युवक कार की चपेट में आ गए. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

 

पुलिस ने इस हादसे में किसी की मौत से इनकार किया है. पुलिस ने अभी तक आरोपी सिरफिरे ड्राइवर को गिरफ्तार नहीं किया है. वीडियो में दिख रहा है कि जब कार ने लोगों को कुचला तो जुलूस में शामिल कुछ युवक कार के पीछे दौड़े लेकिन कार ड्राइवर गाड़ी मोड़कर वहां से भागने में कामयाब रहा.

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही कर घायल बच्चे को हॉस्पिटल पहुंचाया. बच्चे को मामूली चोट आई थी. भोपाल के एडिशनल एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि उसका इलाज करा दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में लगी है. उन्होंने कहा कि कार का नंबर निकालने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं.

बता दें कि शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ के जशपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं पर भी एक तेज रफ्तार कार चढ़ा दी गई थी, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई, जबकि हादसे में 12 लोग घायल हो गए थे. इस घटना से गुस्साए लोगों ने कार ड्राइवर की जमकर पिटाई कर दी थी. मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने दोषी पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *