
इंदौर-देवास रोड पर सोमवार अलसुबह स्विफ्ट डिजायर कार कंटेनर में पीछे से घुस गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। जबकि पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी छात्र दिल्ली, नोएडा और मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं और दीपावली के बाद इंदौर में अपने दोस्तों से मिलने आए थे। सुबह इंदौर से भोपाल के निकले थे।
लसूड़िया टीआई तारेश सोनी के अनुसार मृतक छात्र का नाम धैर्य है। घायलों के नाम श्रेयांश सिंह,अभय वर्मा,रोहित पूनिया,विनायक सिंह और मोहित सामने आए हैं। हादसा सुबह करीब 4 बजकर 45 मिनट पर हुआ। देवास नाके के पास एक कंटेनर में उनकी कार जा घुसी। कार की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। घायल छात्रों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
वेल्लोर यूनिवर्सिटी में बीटेक के स्टूडेंट हैं
बताया जाता है कि सभी छात्र दिल्ली,नोएडा और मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। छात्रों के परिवार से संपर्क किया जा रहा है। कार और कंटेनर को जब्त कर क्रेन की मदद से थाने पहुंचाया गया है। कंटेनर का ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सभी वैल्लोर यूनिवर्सिटी आष्टा में बीटेक फोर्थ ईयर के स्टूडेंट हैं। दीपावली की छुट्टी के दौरान सभी विजय नगर में रहने वाले अपने दोस्त राज के पास किराए की कार से आए थे। यह कार विनायक और मोहित ने ली थी। इसके बाद अलसुबह सभी आष्टा जाने के लिए निकले थे।
दो की हालत गंभीर, वैंटिलेटर पर रखा
हादसे में घायल धैर्य भारद्वाज की मौके पर ही मौत हाे गई। धैर्य मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। वहीं नोएडा के रहने वाले अभय वर्मा को राजश्री अस्पताल और श्रेयांश को कोकिला बेन अस्पताल में वैंटिलेटर पर रखा गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। तीन अन्य छात्र रोहित, विनायक और मोहित का अलग-अलग अस्पताल में उपचार चल रहा है। तीनों के अभी बयान नहीं हुए हैं। टीआई तारेश सोनी के मुताबिक वह जिस दोस्त राज के पास इंदौर आए थे, हादसे की सूचना पर पुलिस उसके यहां पहुंची। उसे मौके पर लेकर गए। लेकिन दोस्तों को इस हालत में देखने के बाद वह भी बोलने की स्थिति में नहीं है।