नूपुर शर्मा के समर्थक का तालिबानी तरीके से मर्डर:उदयपुर में दुकान में घुसकर तलवार से गला काटा, VIDEO बनाया; दोनों बदमाश गिरफ्तार

 

राजस्थान के उदयपुर में 10 दिन पहले नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वाले युवक का तालिबानी तरीके से मर्डर कर दिया गया। 2 हमलावर मंगलवार को दिनदहाड़े उसकी दुकान में घुसे। तलवार से कई वार किए और उसका गला काट दिया। इस पूरे हमले का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी भी ली है। उन्होंने PM नरेंद्र मोदी तक को धमकी दे डाली। दोनों आरोपियों को राजसमंद के भीम से गिरफ्तार किया गया है।

 

5 इलाकों के बाजार बंद
शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए उदयपुर जिले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। वारदात के विरोध में हाथीपोल, घंटाघर, अश्वनी बाजार, देहली गेट और मालदास स्ट्रीट का बाजार बंद है। पूरे राजस्थान में अलर्ट जारी किया गया है। शव अब भी दुकान के बाहर ही पड़ा है। मृतक के परिवार वालों ने सरकार से 50 लाख रुपए और सरकारी नौकरी की डिमांड की है।

नाप देने के बहाने दुकान में घुसे
कन्हैयालाल तेली (40) की धानमंडी स्थित भूतमहल के पास सुप्रीम टेलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार 2 बदमाश आए। कपड़े का नाप देने का बहाना बनाकर दुकान में घुसे। कन्हैयालाल कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने हमला बोल दिया। उन पर तलवार से कई हमले किए। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

FSL टीम मौके पर पहुंची
सूचना पर धानमंडी समेत घंटाघर और सूरजपोल थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के आला अधिकारी और FSL टीम मौके पर है। टीम ने मौके से सबूत जुटाए। घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी SP को फोन कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही।

6 दिन नहीं खोली थी दुकान
कन्हैयालाल गोर्वधन विलास इलाके का रहने वाला था। उसके 2 बेटे यश (19) और तरुण (17) हैं। 10 दिन पहले उसने बीजेपी से हटाई गई नुपूर शर्मा के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट की। इसके बाद से समुदाय विशेष के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। कन्हैयालाल लगातार धमकियों से परेशान था। 6 दिनों से उसने अपनी दुकान भी नहीं खोली थी। उसने धमकियां देने वालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसे थोड़े दिन संभलकर रहने को कहा, लेकिन आरोपियों की धरपकड़ में गंभीरता नहीं दिखाई।

आधा दर्जन इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की खबर लगते ही कलेक्टर तारा चंद मीणा, एसपी मनोज चौधरी मौके पर पहुंचे। शव फिलहाल मौके पर ही पड़ा है। परिजन हंगामा कर रहे हैं। खेरवाड़ा से पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियों को बुलाया गया है। शहर के 5 इलाकों में बाजार बंद कर दिए गए हैं। लोग मौके पर प्रदर्शन करने भी पहुंचे हैं।

पुलिस कर रही रिकॉर्ड की जांच
SP उदयपुर मनोज चौधरी ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया गया है। जो भी अपराधी हैं, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़ित परिवार से बात नहीं हुई है। नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट के बाद मिल रही धमकियों की शिकायत के सवाल पर एसपी बोले कि मृतक से जुड़े सभी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। कुछ आरोपियों की पहचान हुई है।

गहलोत बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, शांति बनाए रखें
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- उदयपुर की घटना कोई मामूली घटना नहीं है। जिस रूप में की गई है, वो कल्पना के बाहर है। ऐसा भी कोई कर सकता है क्या? इसकी जितनी निंदा करें, कम है। मैंने सबसे अपील की है कि शांति बनाए रखें। अभी मैंने नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया जी से बात भी की है। हम कहते हैं कि सब मिलकर ऐसे वक्त में तनाव पैदा नहीं होने दें। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उसके लिए पूरी पुलिस मुस्तैदी से लगी हुई है। उनकी गिरफ्तारी में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। लोगों के दिल में आक्रोश आना स्वाभाविक है। इसका मुझे भी अहसास है। उसी को ध्यान में रखते हुए हम कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *