नर्मदापुरम में होटल मालिक को साइलेंट हार्ट अटैक, VIDEO: खाना परोसते समय थाली में सब्जी रखते-रखते अचानक गिरे 60 वर्षीय अशोक नवलानी; CCTV में कैद घटना, भाई के CPR देने के बावजूद नहीं बची जान

नर्मदापुरम के ग्वालटोली रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में गुरुवार रात एक व्यक्ति की साइलेंट अटैक से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह होटल में ग्राहकों को खाना परोस रहे थे। अचानक वह थाली में सब्जी रखते-रखते नीचे गिर पड़े

खाना परोसते समय आया हार्ट अटैक

घटना का सीसीटीवी वीडियो शनिवार सुबह सामने आया। मृतक की पहचान अशोक नवलानी (60), निवासी सिंधी कॉलोनी गोकुलपुरी के रूप में हुई है। वह अपने भाई पप्पन नवलानी के साथ मिलकर होटल चलाता था।

वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही अशोक नवलानी नीचे गिरे, पहले तो आसपास मौजूद लोगों को समझ नहीं आया। कुछ ही पल बाद होटल के कर्मचारी और उनके भाई पप्पन नवलानी उन्हें उठाने के लिए दौड़े।

4 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम…

अशोक नवलानी ग्राहकों को खाना परोसने के लिए उठे।

टेबल से खाने के बर्तन समेट कर ले गए।

थाली लगाने के लिए उन्होंने एक सब्जी रखी।

प्लेट में दूसरी सब्जी रख पाते, इससे पहले ही गिर पड़े।

सीपीआर देने की कोशिश की, पर नहीं बची जान

मौके पर मौजूद भाई और लोगों ने उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की। इसके बाद फौरन अस्पताल के पास ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

होटल संचालक पप्पन नवलानी ने बताया कि उनके बड़े भाई अशोक नवलानी पहले कूलर का काम करते थे। कुछ समय से दोनों मिलकर चाचा-भतीजा नाम से होटल चला रहे थे। गुरुवार रात को भी दोनों दुकान पर ही थे।

मैं सब्जी बना रहा था। भैया ग्राहकों को टेबल तक खाना परोस रहे थे। एक ग्राहक की थाली लगाने के लिए उन्होंने एक सब्जी रखी। दूसरी सब्जी रखने से पहले ही वो जमीन पर गिर पड़े। मैंने उन्हें सीपीआर दिया, लेकिन भैया अचेत हो गए थे। सांसें चल रही थीं, लेकिन हाथ-पैर में हलचल नहीं थी।

6 भाइयों में सबसे बड़े थे, 1 बेटी की शादी हो चुकी

भाई पप्पन नवलानी ने बताया हम 6 भाई हैं, जिनमें अशोक सबसे बड़े थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। भैया को तीन साल में दो-तीन बार गर्मियों में घबराहट या बीपी लो की दिक्कत हुई थी। हार्ट संबंधी प्रॉब्लम नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *