
इंडियन प्रीमियर लीग ने आईपीएल के 14वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख का ऐलान कर दिया है. एक दिन का यह मिनी ऑक्शन इस बार 18 फरवरी को चेन्नई में होगा. हाल ही में टीम के फ्रेंचाइजियों ने बीसीसीआई को रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट सौंपी है. इस बार के ऑक्शन में स्टीव स्मिथ और मैक्सवेल जैसे दिग्जग की बोली लगने वाली है. स्मिथ को राजस्थान रॉयल्स की टीम ने रिलीज किया है तो वहीं 2020 आईपीएल में फ्लॉप रहे मैक्सवेल को किंग्स इलेवन पंजाब ने अपनी टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. आईपीएल 2021 के ऑक्शन में देखने वाली बात होगी कि बिग बैश लीग में जबर्दस्त फॉर्म में नजर आने वाले एलेक्स हेल्स नीलामी में शामिल होते हैं या नहीं.
जिस समय ऑक्शन किया जाएगा उस समय भारत इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहा होगा. चेन्नई में दूसरे टेस्ट मैच के बाद 18 फरवरी को मिनी ऑक्शन आयोजन किया जाएगा. 17 फरवरी को भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच खत्म होगा और अगले दिन बीसीसीआई ऑक्शन को कराएगा.
भारत और पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने यूं-ट्यूब चैनल पर ऑक्शन को लेकर कहा है कि इस बार के ऑक्शन में चेन्नई सुपरकिंग्स टी-20 स्पेशलिस्ट बल्लेबाज को खरीदने के बारे में सोच सकता है. आकाश ने कहा कि सीएसके ग्लेन मैक्सवेल और स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल कर सकते हैं. बता दें कि सीएसके ने रॉबिन उथप्पा को अपनी टीम में शामिल किया है. उथप्पा को तीन करोड़ रुपये देकर राजस्थान की टीम से खरीदा है.