भारत की प्रति व्यक्ति GDP ग्रोथ को लेकर , IMF की रिपोर्ट ने चौंकाया

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के मुताबिक इस वित्त वर्ष के दौरान भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी (Per Capita GDP) में 10.3 फीसदी की गिरावट आएगी। अगर यह अनुमान सही साबित हुआ तो प्रति व्यक्ति जीडीपी के मामले में भारत बांग्लादेश से नीचे चला जाएगा। मंगलवार को जारी आईएमएफ (International Monetary Fund) की रिपोर्ट World Economic Outlook के मुताबिक 31 मार्च, 2021 को खत्म हो रहे इस वित्त वर्ष के दौरान भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी 10.3 फीसदी की गिरावट के साथ 1877 डॉलर रह जाएगी। आईएमएफ (IMF) की रिपोर्ट के मुताबिक पड़ोसी बांग्लादेश की प्रति व्यक्ति जीडीपी 2020 में 4 फीसदी बढ़कर 1,888 डॉलर पहुंचने का अनुमान है।
भारत के लिए आईएमएफ का यह अनुमान, जून में किए गए पूर्वानुमान से बहुत नीचे है, जिसमें कहा गया है कि कोरोनोवायरस महामारी की वजह से उभरते बाजारों में सबसे बड़ा संकुचन देखने को मिल सकता है. मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों की जीडीपी का यह आंकड़ा मौजूदा कीमतों पर आधारित है. जून में आईएमएफ के पिछले पूर्वानुमान में कहा गया था कि उत्पादन 4.5 प्रतिशत कम हो जाएगा.

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF)-वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक (WEO)की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत दक्षिण एशिया में तीसरा सबसे गरीब देश बनने की ओर अग्रसर है. केवल पाकिस्तान और नेपाल की प्रति व्यक्ति जीडीपी ही भारत से कम होगी जबकि बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका और मालदीव जैसे देश भारत से आगे होंगे.

हालाँकि, IMF ने अनुमान जताया है कि 2021 में प्रभावशाली 8.8 प्रतिशत की विकास दर के साथ भारत, एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में वापसी कर सकता है. इस प्रकार सबसे तेजी से बढ़ती उभरती अर्थव्यवस्था की स्थिति को फिर से हासिल करते हुए भारत चीन की अनुमानित विकास दर 8.2 प्रतिशत को पार कर सकता है.

आईएमएफ और विश्व बैंक की सालाना वार्षिक बैठक से पहले ‘विश्व आर्थिक परिदृश्य’ रिपोर्ट जारी की गई है. इसमें कहा गया है कि 2020 में वैश्विक अर्थव्यवस्था में 4.4 प्रतिशत की गिरावट आयेगी और 2021 में यह 5.2 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि हासिल करेगी. रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में अमेरिका की अर्थव्यवस्था में 5.8 प्रतिशत गिरावट आने का अनुमान है जबकि अगले वर्ष इसमें 3.9 प्रतिशत की वृद्धि होगी. वर्ष 2020 के दौरान दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में केवल चीन ही एकमात्र देश होगा जिसमें 1.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *