
फेस मास्क उपयोगी जानकारी
लाकडाउन खुलने के बाद फेसमास्क सभी के लिए एक नियमित जरूरत का सामान होगा, बाजार में विभिन्न तरह के मास्क उपलब्ध है जैसे सिंगल यूज (डिस्पोजेबल) या रियूजेबल, वॉशेबल, थ्री प्लाई, थ्री प्लाई विथ नोज पिन, थ्री प्लाई विथ फिल्टर, थ्री प्लाई विथ ब्लो, सर्जिक्ल मास्क, FFP-1, FFP-2, FFP-3, एक्टिवेटेड कार्बन, N 95, K 95, KN 95, विथ फिल्टर विदाउट फिल्टर और इनकी कीमत भी दो तीन रुपये से शुरू होकर 309 से 400 प्रति मास्क तक बताई जा रही है । आप कौनसा मास्क खरीदें, कौनसा मास्क मेरे लिए, मेरे बच्चों के लिए बेस्ट होगा, मैं अपने परिवार के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं करना चहता भले ही कितना भी खर्च हो जाए । इसी भय का फायदा उठा रहा है बाजार और उसको चलाने वाली ताकतें और आपको महंगे मास्क खरीदने पर मजबूर किया जा रहा है ।
आईये पहले समझते है कि मास्क वस्तुतः है क्या और इसकी जरूरत क्यों है, यह क्या और कैसे काम करता है ? कौनसा मॉस्क बेहतर है इसके बारे में बाद में चर्चा करेंगे ।
इस ईश्वर रचित संसार में हम मानव ही एकमात्र ऐसी प्रजाति हैं जो अनजाने में अपना अक्सर चेहरा छूते रहते हैं, नाक में उंगली, मुंह में पेन या अन्य वस्तु डालते रहते हैं और यह आदत इस नवीन कोरोना (कोविड-19) या अन्य वायरस जनित जैसी बीमारियों के प्रसारण में मदद करती है, एक अध्ययन बताता है कि हम औसतन प्रतिदिन 20 से 25 बार अपना चेहरा अपने हाथों से छूते है इसमें नाक, होंठ, आंखे शामिल हैं | हमारे हाथ अन्य सतहों, वस्तुओ और व्यक्तियों, को भी स्पर्श करते है और वहाँ से वायरस/ विषाणु को साथ ले आने की संभावना बनी रहती है और इसी संक्रमित हाथ से जब हम अपना चेहरा, आँख, नाक, कान छूते है तो विषाणु हमारे अंदर प्रवेश केर जाता है और इस तरह हम कोरोना के शिकार बन जाते हैं, दूसरी संभावना है कि अन्य संक्रमित व्यक्तियों द्वारा छोड़े हवा मे तैरते वाइरस को हम अपनी सांस के साथ अंदर खींच लेते हैं | इन दोनों ही प्रकार के संक्रमण को रोकने में मास्क एक बड़ी भूमिका अदा करता है, मास्क से यदि चेहरा ढंका है तो जैसे ही हमारा हाथ हमारे चेहरे तक पहुंचता है तो मास्क से टकराते ही हम सावधान हो जाते हैं, नाक पर लगा मास्क हवा में तैरते वाइरस को हमारे श्वसन तंत्र के रास्ते अंदर आने से रोकता है | अत: कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनना अत्यंत आवश्यक है | खांसी, छींक और सांस कोरोनो वायरस के फैलने का एक बड़ा कारण है और मास्क खांसने, छींकने और सांस के द्वारा चारों ओर छितरा जाने वाले कणों (ड्रोपलेट) को बाहर गिरने और फैलने से भी रोकता है।
मास्क कब कब पहनना चाहिए
– अगर आप तो स्वस्थ हैं लेकिन आप किसी बीमार व्यक्ति की देखरेख कर रहे हैं खासकर अगर वो करॉना वायरस से पीड़ित है तो आपको मास्क पहनने की अनिवार्य रूप से जरूरत है
– अगर आपको खांसी, सर्दी और छींक आ रही है तो अपनी और अपने संपर्क में आने वालों की सुरक्षा के लिए मास्क का इस्तेमाल करें
– यदि आप अन्य लोगों के साथ हैं तो मास्क पहनें
– वाहन में कोई आपके साथ है तो मास्क पहने और साथी सवारियो से भी मास्क पहनने का आग्रह करें
– घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहने
– घर पर कोई बाहरी व्यक्ति जैसे घरेलू कार्य करने वाले, उपकरण ठीक करने वाले आदि आते है तो मास्क पहने
– जब भी आपका किसी भी अन्य व्यक्ति से सामना हो तो मास्क जरूर पहने
मास्क तभी असरदार साबित होगा जब आप उसके साथ हैंड हाइजीन का भी ख्याल रखें यानी नियमित रूप से हैंड वॉश करते रहें
अगर आप मास्क का उपयोग कर रहे हैं तो आपको पता होना चाहिए कि मास्क को सही तरीके से कैसे पहनना है और फिर उसे डिस्पोज कैसे करना है
मास्क पहनते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
– मास्क पहनने से पहले अपने हाथों को साबुन, हैंड वाश या फिर ऐल्कॉहॉल बेस्ड हैंड सैनिटाइजर से अच्छी तरह से साफ कर लें
– अपनी नाक और मुंह को मास्क से अच्छी तरह से ढंक लें ताकि मास्क और चेहरे के बीच कोई गैप न रहे
– मास्क पहने हुए हैं तो उसे बार-बार अपने हाथों से ना छुएं
– सिंगल यूज/ डिस्पोजेबल मास्क को दोबारा बिलकुल यूज न करें और हर बार एक नए मास्क का इस्तेमाल करें
– मास्क को हटाते वक्त पहले अपने हाथ साफ करें फिर पीछे की तरफ से डोरी को पकड़ कर खोलें, ध्यान रहे कि मास्क के सामने वाले हिस्से को नहीं छूना है, और तुरंत ऐसे डस्टबिन में डालें जिसमें ढक्कन लगा हो
– उसके बाद एक बार फिर हाथों को साबुन पानी या सैनिटाइजर से अच्छी तरह से साफ कर लें
यदि आपको मास्क बहुत देर तक लगातार पहने रखने से परेशानी हो रही हो तो बीच बीच में मास्क ब्रेक जरूर ले, लंबे वक्त तक लगातार मास्क ना लगाएं। घर के अंदर, ऑफिस में या कार में अकेले हैं तो मास्क हटा लें। बाहर हैं तो 4 घंटे में एक बार मास्क ब्रेक लें। कपड़े का मास्क धोकर ही दोबारा लगाएं। मास्क हाथ से या वॉशिंग मशीन में धोएं। गर्म पानी में मास्क को भिगोएं। मास्क धोने को लिए खुशबू रहित डिटर्जेंट का यूज करें। धो नहीं पाएं तो अल्कोहल स्प्रै करें। अच्छी तरह से सूख जाने के बाद ही मास्क का दोबारा इस्तेमाल करें।
लाकडाउन खुलने के बाद नियमित रूप से रोजाना कौनसा मास्क पहनना सुरक्षित और सुविधाजनक होगा ? यह अपनी अपनी पसंद और समझ पर निर्भर है, जो भी मास्क आप इस्तेमाल करते हैं वह कैसा हो, यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप किस स्तर की सुरक्षा या बचाव का उपाय करना चाहते हैं, यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप किन परिस्थितियो मे काम कर रहे हैं या रह रहे हैं, घर के अंदर परिवार के सभी सदस्य रियूजेबल मास्क पहन सकते हैं लेकिन घर से बाहर जाते समय सिंगल यूज डिस्पोज़ेबल मास्क पहनना उचित होगा अतिरिक्त सुरक्षा के लिए रियूजेबल मास्क के ऊपर डिस्पोज़ेबल मास्क पहन सकते हैं | वैसे कम भीड़ वाले इलाकों में तीन परत (थ्री लेयर) वाले मास्क को बहुत असरदार माना गया है. अगर आप कॉटन के कपड़े से अपने लिए घर में ‘थ्री लेयर मास्क’ या ‘फ़ेस कवर’ बना सकते हैं, तो ये बहुत सुरक्षित है. इससे संक्रमण फैलने की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है. गमछा, रुमाल के तीन लेयर में अगर व्यक्ति खांसता या छींकता है, तो उसका संक्रमण बाहर फैलने का रिस्क पहली, दूसरी या तीसरी तह तक आकर रुक जाएगा. विस्तृत गाइडलाइन में भी लोगों से घर में बने मास्क के इस्तेमाल की अपील की गयी है. घर में बने मास्क को हर दिन अच्छे से धोना और सुखाना चाहिए. ऐसी जगह जहां 2 मीटर की दूरी का पालन न किया जा सकता हो, वहां सर्जिकल मास्क का उपयोग करना अपेक्षित परिणाम देता है
हम सभी के डॉक्टरों, वैज्ञानिकों या अनुभवी सरकारी अधिकारियों से संपर्क होते हैं अतः अपने लिए मास्क खरीदने से पहले निर्णय लेने से पहले एक बार एक्सपर्ट ऑपिनियन जरूर ले लें
अस्वीकरण : यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता. प्रमाणिक जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें.
राजकुमार जैन