
संगठन को मोदी कसौटी पर खरा साबित करने की कवायद में विष्णु…
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भाजपा संगठन और सरकार दोनों के लिए शुभंकर साबित हो चुके हैं। एक कहावत है कि हाथ कंगन को आरसी क्या पढ़े लिखे को फारसी क्या? इसका अर्थ है कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नही होती। भाजपा संगठन के मुखिया के तौर पर विष्णु दत्त शर्मा पर यह कहावत पूरी तरह चरितार्थ होती है। फरवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष बनने के सवा महीने बाद ही प्रदेश में पार्टी का सत्ता में आना इसका पहला प्रमाण है। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ही विष्णु दत्त शर्मा को ‘शुभंकर’ की उपाधि दी थी। उसके बाद पार्टी में प्रदेश संगठन से लेकर पन्ना प्रभारी तक की सक्रियता मिसाल पेश कर चुकी है, इसी का परिणाम सामने है कि भाजपा ने 2023 विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक मत प्राप्त कर पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। और अब तक के सर्वाधिक 48.50 फीसदी मत हासिल कर विधानसभा चुनाव में बंपर जीत हासिल की। इसमें पन्ना प्रमुख, बूथ प्रमुख से लेकर त्रिदेव जैसी संकल्पना का असर चुनाव परिणामों में साफ नजर आया। डिजिटाइजेशन में भी मध्यप्रदेश संगठन ने परचम लहराया। और शुभंकर विष्णु के नेतृत्व में संगठन कदम दर कदम आगे बढ़ता रहा। और अब बारी लोकसभा चुनाव की है और संगठन ने पूरे जोर शोर से तैयारियां शुरू कर दी है। और अब लक्ष्य विधानसभा चुनाव से 10 फीसदी ज्यादा कमल खिलाने की है। जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही। विष्णु दत्त शर्मा ने अब खजुराहो संसदीय क्षेत्र से शुरुआत कर यह जता दिया है कि संगठन के मुखिया के नाते उनकी प्राथमिकता मोदी-शाह की हर कसौटी पर खरा उतरना है।
विष्णु दत्त शर्मा ने भरोसा जताया है कि खजुराहो लोकसभा सीट को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकॉर्ड बनाएंगे। खजुराहो लोकसभा कर हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। संगठन के मुखिया पन्ना में संगठन की खुलकर तारीफ करते नजर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा का मध्यप्रदेश का संगठन देश के सभी राज्यों में सबसे अच्छा संगठन है, इसके पीछे हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत है। पार्टी का मध्यप्रदेश संगठन कोई अच्छा कार्य करता है तो शाबासी मिलती है। प्रदेश के संगठन को देश में सबसे अच्छा संगठन बताया जाता है। फिर दावा किया कि खजुराहो लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा और हर बूथ को मोदी बूथ बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। हमें जिले से लेकर शक्ति केंद्र तक की रचना पर काम करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ’मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान’ मोदी जी ने प्रारंभ किया था। इस अभियान के कारण मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 48 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए हैं। अब हमें 10 प्रतिशत और वोट बढ़ाना है। पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर इतिहास बनाया है। इसी तरह अब लोकसभा चुनाव में भी जीत का इतिहास कायम करना है।
यानि गांवों से शहरों तक सभी जगह भाजपा संगठन अब इसी कवायद में जुट गया है कि किसी भी तरह अपने पुराने लक्ष्य हर बूथ पर 51 फीसदी वोट हासिल कर सके। इसलिए लक्ष्य विधानसभा चुनाव में मिले मतों से दस फीसदी ज्यादा यानि करीब 58 फीसदी रखा गया है। यानि लक्ष्य में दस फीसदी वोट इधर-उधर होता भी है, तब भी 51 फीसदी का लक्ष्य हासिल कर मध्यप्रदेश का संगठन भाजपा और मोदी की उम्मीदों पर खरा उतर सकेगा। विष्णु के इस मिशन में मोदी सरकार की उपलब्धियां सहायक होंगी तो बाल स्वरूप में अयोध्या में विराजे राम की कृपा पर भरोसा भी शामिल रहेगा…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। दो पुस्तकों “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।