“इंदौर में टेलीकॉम कंपनी की इंजीनियर से मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर रेप, पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की”

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में एक टेलीकॉम कंपनी की इंजीनियर युवती से शादी का झांसा देकर रेप करने का मामला सामने आया है। युवती की पहचान आरोपी से एक मैट्रिमोनियल साइट पर हुई थी। आरोपी ने पहले विश्वास जीता, फिर फ्लैट पर बुलाकर दो बार जबरन संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बाहर भेजी है।

हीरानगर थाना।

मैट्रिमोनियल साइट पर हुई पहचान

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान संस्कार उर्फ प्रथम सिंह पुत्र रमेश कुमार, निवासी गोविंदपुरा, कानपुर से एक मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और नजदीकियां बढ़ीं। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर युवती ने भरोसा कर लिया।

जबरन शारीरिक संबंध बनाए

युवती के मुताबिक, 31 अक्टूबर को ऑफिस में होने के दौरान संस्कार ने फोन कर बताया कि उसने पिज्जा उसके फ्लैट पर ऑर्डर किया है” और उसे जाकर रिसीव करने को कहा। जिद करने पर युवती फ्लैट गई, जहां संस्कार अचानक मौजूद मिला और उसने इसे “सरप्राइज” बताया।

बातचीत के दौरान संस्कार उसे छूने लगा। मना करने पर उसने शादी की बात कही और इसके बाद जबरदस्ती शारीरिक संबंध बना लिए। आरोपी दो दिन तक युवती के फ्लैट में ही रुका और फिर वापस चला गया।

दूसरी बार आया और फिर किया रेप

पीड़िता ने बताया कि 7 नवंबर को संस्कार इंदौर आने का बहाना बनाकर घर आया और दोबारा संबंध बनाए। वह लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन तीन दिन पहले उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। उसके बाद उसने पीड़िता के कॉल और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया।

धमकी दी, फिर कंपनी को भेजा ईमेल

पीड़िता ने बताया कि जब उसने जवाब मांगने की कोशिश की, तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने बार-बार संपर्क किया, तो वह पूरे परिवार को “खत्म करवा देगा।”इसके बाद 24 नवंबर को संस्कार ने युवती के ऑफिस में एक ईमेल भेजा, जिसमें खुद को निर्दोष बताते हुए युवती पर झूठे आरोप लगाने की बात लिखी।

पिता से बात कराने का नाटक किया

पीड़िता ने यह भी बताया कि कई महीनों की बातचीत के दौरान संस्कार ने कई बार अपने “पिता” से फोन पर बात कराई, जिससे उसे भरोसा हुआ। हालांकि अब उसे संदेह है कि वह व्यक्ति आरोपी का पिता नहीं था, बल्कि किसी और को पिता बताकर उसे विश्वास में लिया गया।

हीरानगर पुलिस ने युवती की शिकायत पर रेप, धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है। मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम आरोपी संस्कार की तलाश में दूसरे शहरों में दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *