Lawrence Bishnoi गैंग के नाम पर इंदौर के रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को इंटरनेशनल नंबर से धमकी, वॉइस नोट भेज 15 करोड़ मांगे; परिवार-लोकेशन बताकर हत्या की चेतावनी

इंदौर के साउथ तुकोगंज इलाके में रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी मिली है। संजय ने मामले में क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर तुकोगंज पुलिस को जांच सौंप दी गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, गुरुवार को संजय को धमकी भरा कॉल आया, जिसे उन्होंने तुरंत डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर वॉइस मैसेज आया, जिसमें मैसेज करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का साथी और हेरी बॉक्सर बताया और 15 करोड़ रुपए की मांग की।वॉइस मैसेज में कहा गया कि रकम नहीं देने पर हत्या कर दी जाएगी। टीआई जितेंद्र यादव ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर संबंधित नंबर की जानकारी निकाली जा रही है।

इंटरनेशनल नंबर से वॉइस कॉल आया

संजय ने पुलिस बताया कि 16 मार्च की सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुझे एक इंटरनेशनल नंबर से वॉइस कॉल आया। कॉल करने वाले ने पूछा—क्या तू संजय जैन बोल रहा है, तू बिल्डर है ना? मैंने इससे इनकार किया तो उसने कहा—झूठ मत बोल, मुझे सब पता है। उसने अपना नाम हेरी बॉक्सर बताया और कहा कि वह लॉरेंस गैंग का मेंबर है, इंटरनेट पर उसकी जानकारी देख सकता हूं। इसके बाद मैंने फोन काट दिया और उस नंबर को ब्लॉक कर दिया।कुछ मिनट बाद उसी नंबर से वॉइस मैसेज आया और वीडियो कॉल भी किया गया, लेकिन मैंने नहीं उठाया। फिर एक दूसरे नंबर से कॉल आया, जिस पर बाबा महाकाल की डीपी लगी हुई थी। उस नंबर से भी वॉइस कॉल आया।

पहले 10 करोड़, फिर 15 करोड़ मांगने लगा

इसके बाद उसी नंबर से मुझे एक वॉइस मैसेज मिला, जिसमें कहा गया—“सुन संजय, फोन काटने, भागने या ब्लॉक करने से पीछा नहीं छूटेगा। पहले 10 करोड़ देने थे, अब 15 करोड़ देने होंगे। जितना लेट रिप्लाई करेगा, उतने ज्यादा पैसे देने होंगे। या तो पैसे देगा या जान देगा। तुझे जिसके पास जाना है चला जा, अब कोई नहीं बचा पाएगा।”

उसने मेरे परिवार और साथ रहने वालों का जिक्र करते हुए कहा कि उसे सबकी जानकारी है—निलेश जैन, नंदर जैन और सुनंदा जैन तक के बारे में। उसने कहा कि मेरे पास तेरे नंबर आ सकते हैं तो डिटेल और लोकेशन भी है। मैं किस गाड़ी से आता-जाता हूं, किसके पास बैठता हूं—सब कुछ उसे पता है। उसने यह भी कहा कि मैं साल में कितनी GST भरता हूं, इसकी भी उसे जानकारी है।

कहा- पुलिस को सुना देना वॉइस नोट

उसने धमकी दी कि “चुपचाप लाइन पर आ जा। अगर दिमाग में कोई गलतफहमी है तो वीडियो कॉल करके मेरी शक्ल देख ले, वॉइस नोट पुलिस को सुना देना, पहचान जाएंगे। यूट्यूब पर भी देख लेना। जब तक लाइन पर नहीं आएगा, तेरी ऐसी-तैसी करूंगा। जो बिल्डिंग बना रहा है, उसे कोई नहीं खरीदेगा। खाने और बेचने के लिए कोई नहीं बचेगा।”आखिर में उसने कहा—“समय रहते लाइन पर आ जा, नहीं तो ऐसा नुकसान होगा जिसकी भरपाई जिंदगी में नहीं कर पाएगा। जहां जाना है चला जा, अब सामने बैठकर ही मामला सुलझेगा।” मैंने पुलिस को यह भी बताया कि 18 मार्च को सुबह करीब 11 बजे से मुझे दोबारा वाट्सएप कॉल आए,

कारोबारी को दी जा रही सुरक्षा

संजय ने इस मामले में क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी। जिसके बाद तुकोगंज पुलिस को एफआईआर के लिए आदेश दिया गया है। संजय का रियल स्टेट का कारोबार है। एडिशनल डीसीपी के मुताबिक इस तरह की धमकियां कई जिलों में मिलने की सूचना है। हालांकि संजय को सिक्योरिटी भी दी जा रही है। संजय जैन का बिल्डर शिप का बड़ा काम है। उनका तुकोगंज इलाके में ऑफिस भी है।

3 दिन में 4 बार फोन किए रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन ने बताया कि उन्हें 16, 18 और 20 तारीख को कुल चार बार फोन कॉल आए। हर बार उन्होंने कॉल रिसीव करने के बाद तुरंत डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने वॉइस नोट भेजकर धमकी दी।

बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटीज को मिल चुकी हैं धमकियां

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकियां हाल के महीनों में काफी चर्चा में रही हैं, खासकर बॉलीवुड और पंजाबी सेलिब्रिटीज के खिलाफ। गैंग के सरगना लॉरेंस बिश्नोई जेल में बंद हैं, लेकिन उनके सहयोगी सोशल मीडिया, वॉइस नोट्स, ईमेल और कॉल्स के जरिए धमकियाँ और एक्सटॉर्शन जारी रखे हुए हैं।

हाल की प्रमुख धमकियां (2025-2026 में)

• सिंगर-रैपर बादशाह: मार्च 2026 में सबसे ताजा मामला। उनके हरियाणवी गाने “टटीरी” (Tateeree) में आपत्तिजनक बोलों के आरोप के बाद गैंग ने फेसबुक पोस्ट में धमकी दी। पोस्ट में पानीपत फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा गया कि “2024 में क्लब में ट्रेलर दिखाया था, अगली बार सीधे माथे में गोली मारेंगे”।

• रनवीर सिंह: हाल ही में उनके मैनेजर को वॉइस नोट से 1-20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई। मुंबई पुलिस ने गैंग के सदस्य हरि चंद्रा (हरि बॉक्सर) के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया।• सलमान खान: पुराना और लगातार चल रहा विवाद (1998 ब्लैकबक केस से जुड़ा)। हाल में उनके करीबी सहयोगी को ईमेल से धमकी मिली। पहले भी उनके घर के बाहर फायरिंग हुई थी, और Y+ सुरक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *