विदिशा में नायब तहसीलदार कविता की तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध मौत; सरकारी फ्लैट में रहती थीं, पुलिस ने पूरा राजस्व परिसर सील कर दो एंगल से जांच शुरू की

विदिशा में नायब तहसीलदार कविता की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना सांची रोड स्थित राजस्व परिसर में मंगलवार की है। पुलिस प्रशासन ने पूरे राजस्व परिसर को सील कर दिया है। पुलिस सुसाइड और हादसा, दोनों ही एंगल से जांच रही है।

जानकारी के मुताबिक, कविता अपने सरकारी आवास की तीसरी मंजिल की छत पर थीं, तभी अचानक नीचे गिर गईं। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत जैन ने बताया कि कविता को गंभीर चोटों के साथ लाया गया था। उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी।

नायब तहसीलदार कविता की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई।

कलेक्टर समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राजस्व परिसर को सील कर दिया और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। छत के किनारों, सीढ़ियों और आसपास के हिस्सों में मिले संभावित निशानों की बारीकी से जांच की गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर होगा खुलासा

कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या दुर्घटना। कविता के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान भी जांच में अहम भूमिका निभाएंगे।

पुलिस ने राजस्व के आवासीय परिसर को सील कर दिया है।

सरकारी फ्लैट में रहती थीं नायब तहसीलदार

कविता सांची रोड स्थित राजस्व परिसर में बने सरकारी फ्लैट में रहती थीं। इस घटना से प्रशासनिक महकमे में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *