
दिल्ली-हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों में इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी एंट्री ऑपरेटर संजय जैन और उसके साथियों का भंडाफोड़ करने के लिए हो रही है. अब तक इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी में 5.26 करोड़ रूपये मूल्य के गहने और नकदी बरामद की है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और गोवा में एंट्री ऑपरेटर संजय जैन और उनके लाभार्थियों के 42 परिसरों पर छापेमारी की है। इन छापेमारी में अब तक 2.37 करोड़ रुपए नकद और 2.89 करोड़ रुपए के आभूषण बरामद किए गए हैं और सर्च अब भी जारी है।
केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने बताया कि सोमवार को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में 42 परिसरों में छापेमारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई एंट्री ऑपरेशन (हवाला जैसे ऑपरेशन) गिरोह चलाने वाले लोगों के एक बडे़ नेटवर्क और नकली बिल के जरिए अधिक पैसे बनाने वालों के खिलाफ की गई।
सीबीडीटी ने एक बयान में कहा कि छापेमारी के दौरान 2.37 करोड़ रुपये नकद और 2.89 करोड़ रुपये मूल्य के गहने बरामद किए गए। 17 बैंक लॉकर का भी पता चला है, जिनकी अभी तलाशी नहीं ली गई है। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीटीडीटी) आयकर विभाग का एक प्रशासकीय प्राधिकरण है।
उसने कहा कि एंटी ऑपरेटर, बिचौलियों, नकदी संचालकों, लाभार्थियों और कम्पनियों और कम्पनियों के नेटवर्क को उजागर करने वाले सबूत मिले हैं। उसने कहा कि अब तक, 500 करोड़ रुपये मूल्य से अधिक की हेराफेरी प्रविष्टियों (हवाला) के सबूतों को पहले ही पाया और जब्त किया जा चुका है। सीबीडीटी ने कहा कि आगे की जांच जारी है।