इंदौर, मनावर, राजगढ़ व देपालपुर में आयकर विभाग की छापेमारी, कारोबारी सुरेश मेहता के घर से 100 करोड़ रुपए के फर्जी लेन-देन और बोगस बिलिंग रैकेट का खुलासा

इंदौर, मनावर, राजगढ़ और देपालपुर में गुरुवार से शुरू हुई आयकर विभाग की छापेमार कार्रवाई में शनिवार को बड़ा खुलासा हुआ। इंदौर के कॉटन कारोबारी सुरेश मेहता के घर पर जांच में टीम को 100 करोड़ रुपए के फर्जी लेनदेन और संभावित कर अपवंचन से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं। छापे में बोगस बिलिंग के प्रमाण भी मिले हैं। संदेह है कि उक्त व्यापारी एक बड़े बोगस बिलिंग रैकेट से जुड़ा हुआ है। कार्रवाई में अब तक 5 से 6 करोड़ रुपए नकद, सोना और जेवरात जब्त किए जाने की सूचना है।

सूत्रों ने बताया कि व्यापारी सुरेश मेहता से टीम ने शनिवार को 15 से 16 घंटे तक कड़ी पूछताछ की। उनके कथित बोगस बिलिंग रैकेट में लिप्त अन्य लोगों की जानकारी और अवैध धन का पता भी लगाया जा रहा है। वहीं राजगढ़ और इंदौर में व्यापारियों द्वारा बनाए गए बंगलों का वैल्यूएशन भी किया जा रहा है। विभाग को संदेह है कि अवैध धन बिटकॉइन खरीदने और उसके माध्यम से लेनदेन करने में इस्तेमाल किया जा रहा होगा।

बाथरूम में छिपाई थी पेन ड्राइव

दस्तावेजों और सबूतों के साथ एक पेन ड्राइव भी जब्त की गई है। कारोबारी ने इसे बाथरूम में छुपा रखा था। एक कारोबारी और विभाग की टीम के बीच में विवाद की स्थिति भी बनी। मेहता के अलावा सोना-चांदी कारोबारी संजय सराफ, हुंडी कारोबारी हेमंत गोधा और उनके रिश्तेदार सावन पहाड़िया के घर और अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई जारी है। एक-दो स्थानों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर रविवार को कार्रवाई समाप्त हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *