
आयकर विभाग ने हैदराबाद स्थित हेटरो फार्मास्यूटिकल समूह पर हाल में की गई छापेमारी के बाद 550 करोड़ रुपये की अघोषित आय पकड़ी है। सीबीडीटी(CBDT) ने शनिवार को बताया कि पिछले दिनों फार्मा कंपनी के छह राज्यों में करीब 50 ठिकानों पर छापा मारने पहुंचीं टीमों ने आलमारियों से 142 करोड़ रुपये की नकदी भी जब्त की है। इतनी बड़ी रकम देखने के बाद वहां पहुंचे अधिकारी भी दंग रह गए।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज (CBDT) के मुताबिक, तलाशी के वक्त कई बैंक लॉकर मिले हैं, जिनमें से 16 चालू हैं। फार्मा कंपनी इंटरमीडिएट्स, सक्रिय फार्मास्युटिकल सामग्री (एपीआई) और फॉर्मूलेशन के कारोबार में है और इसके अधिकांश उत्पाद अमेरिका, दुबई, कुछ अफ्रीकी व यूरोपीय देशों में निर्यात होते हैं। आयकर ने फर्जी और गैर मौजूद कंपनियों से खरीद में विसंगतियां पकड़ीं थीं।
इसके अलावा कुछ फर्जी खर्चे से कृत्रिम महंगाई भी दिखाई गई थी। इसके अलावा जमीन खरीद के लिए पैसों के भुगतान के भी कुछ सुबूत मिले हैं। वहीं, व्यक्तिगत खर्च कंपनी के खातों में लिखने और संबंधित पक्षों द्वारा खरीदी जमीन की कीमत सरकारी पंजीकरण मूल्य से नीचे दिखाने जैस कई कानूनी मुद्दे भी आयकर टीमों की नजर में आए।
सीबीडीटी(CBDT) के मुताबिक, छापों के दौरान कई ऐसे ठिकाने भी मिले जहां दूसरे बही खातों और जमा नकदी भी मिली। जांच टीमों ने अपराध साबित करने के लिए डिजिटल मीडिया, पेन ड्राइव व अन्य दस्तावेज जब्त किये हैं। वहीं, समूह के एसएपी और ईआरपी सॉफ्टवेयर से भी डिजिटल साक्ष्य एकत्र किये गए हैं।