भारत से मिली हार से परेशान हो उठे श्रीलंकाई कोच, मैदान पर ही अपने खिलाड़ी से उलझे- देखे Video

भारतीय क्रिकेट टीम ने शिखर धवन की अगुआई में श्रीलंका  के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्‍टेडियम में खेले गए पहले मैच में टीम इंडिया को सात विकेट से जीत मिली, जबकि मंगलवार को हुए दूसरे वनडे में तीन विकेट से बाजी अपने नाम की. पहले सूर्यकुमार यादव और फिर दीपक चाहर के अर्धशतकों की मदद से टीम को ये जीत मिली. हालांकि इस बात में बिल्‍कुल भी संदेह नहीं है कि दूसरे वनडे में अधिकतर समय श्रीलंकाई टीम का पलड़ा भारी था, लेकिन निर्णायक मौकों पर की गई गलतियों की वजह से मेजबान टीम को हार का सामना करना पड़ा. इस दौरान श्रीलंकाई टीम के कोच मिकी ऑर्थर ड्रेसिंग रूम में बैठे हुए काफी खफा नजर आए और जब मैच खत्‍म हुआ तो उन्‍होंने मैदान पर ही श्रीलंकाई कप्‍तान दासुन शनाका  के साथ भिड़ने में देर नहीं लगाई. दोनों की तनातनी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. फैन्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं.

 

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में दीपक ने अपने वनडे करियर का पहला अर्धशतक जमाया और 69 रन बनाकर नाबाद रहे. चाहर ने भुवी के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए नाबाद 84 रन की साझेदारी की और भारत को जीत दिला दी. चाहर के अलावा दूसरे वनडे में सूर्यकुमार यादव ने भी अर्धशतक जमाने का कमाल किया. दीपक को उनके शानदार ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया.

हालांकि श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 276 का स्कोर खड़ा कर दिया था और शुरूआती झटके भी भारतीय टीम को दिए थे, लेकिन आखिरी समय में श्रीलंका गेंदबाजों का लचर परफॉर्मेंस श्रीलंका की हार का कारण बना.

भारत की टीम अब सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने में सफल हो गई है. सीरीज का आखिरी मैच अब 23 जुलाई को खेला जाएगा. वनडे सीरीज के बाद भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज भी खेलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *