
अमेरिका के न्यूजर्सी में भारतीय मूल की महिला की हत्या
अमेरिका के न्यूजर्सी प्रांत में गोलीबारी की एक घटना में भारतीय मूल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी की इस घटना को कथित तौर पर भारतीय मूल के 19 वर्षीय एक युवक ने अंजाम दिया। गोलीबारी न्यूजर्सी के उत्तर-पूर्वी मिडलसेक्स काउंटी में हुई। गोलीबारी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने गोली लगने से घायल हुई दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक, कार्टरेट की 29 वर्षीय जसवीर कौर को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरी पीड़ित 20 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। दूसरी पीड़ित महिला, जसवीर कौर की रिश्तेदार थी। पुलिस ने गोलीबारी के सिलसिले में गौरव गिल नामक के व्यक्ति को बाद में गिरफ्तार कर लिया है। गोलीबारी के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है▪️