अमेरिका में भारतीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, माता पिता ने यूनिवर्सिटी पर उठाए सवाल

अमेरिका में एक भारतवंशी छात्र की मौत का मामला सामने आया है. यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे 18 वर्षीय अकुल धवन मृत पाए गए हैं. अकुल के माता-पिता ने यूनिवर्सिटी पर सवाल उठाए हैं.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को अकुल लापता हो गया था. उनका शव इलिनोइस के शैंपेन में यूनिवर्सिटी कैंपस के पास मिला है. अधिकारियों ने बताया कि शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. हाइपोथर्मिया से मौत की आशंका जताई जा रही है.

दरअसल, अमेरिका में इस वक्त बर्फीले तूफान से तबाही जारी है. कैलिफोर्निया में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है. अंकुल के रूममेट ने बताया कि रविवार को जब वो लापता हुआ था, तब तापमान -17 डिग्री सेल्सियस था. अकुल के दोस्तों का कहना था कि उन्होंने उस समय चिंता जताई थी कि वो बिना कोट के सर्दी में मर सकता है.

अकुल के पिता ईश धवन ने दावा किया है कि उनके बेटे ने उस जगह से पुलिस को कॉल किया था, जहां वो फंस गया था. वो आधे घंटे तक इंतजार करता रहा.

स्थानीय टीवी स्टेशन WCIA की रिपोर्ट के मुताबिक, अकुल को आखिरी बार जहां देखा गया था, उससे आधे ब्लॉक से भी कम दूरी पर वो मृत पाया गया है. यूनिवर्सिटी का पुलिस डिपार्टमेंट इस घटना की जांच कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *