अमेरिका में भारतीय छात्र के साथ बदसलूकी, हथकड़ी लगाकर किया डिपोर्ट – हर दिन बढ़ रहे ऐसे मामले, विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की मांग – देखें VIDEO

 

अमेरिका के न्यूजर्सी में एक भारतीय छात्र को न्यूअर्क एयरपोर्ट पर अपराधियों की तरह जमीन पटका गया और फिर हथकड़ी लगाकर भारत डिपोर्ट किया गया। भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन कुणाल जैन ने रविवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।

जैन ने X पर लिखा- मैंने न्यूअर्क एयरपोर्ट पर एक युवा भारतीय छात्र को हथकड़ी लगाकर, रोते हुए, अपराधी की तरह ट्रीट होते देखा। वो अपने सपनों को सच करने आया था, किसी को नुकसान पहुंचाने नहीं। एक NRI होने के नाते, मैं खुद को कमजोर और टूटा हुआ महसूस कर रहा हूं।

जैन ने बताया कि छात्र हरियाणवी में कह रहा था- ‘मैं पागल नहीं हूं, ये लोग मुझे पागल साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।’ अभी तक यह साफ नहीं है कि छात्र को किस वजह से डिपोर्ट किया गया।

भारतीय विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की अपील

उन्होंने आगे कहा- ये बच्चे वीजा लेकर सुबह फ्लाइट से आते हैं। किसी कारण से इमिग्रेशन अथॉरिटीज को अपना आने का कारण समझा नहीं पाते और शाम की फ्लाइट से हाथ-पैर बांधकर, मुजरिमों की तरह भेज दिए जाते हैं। हर दिन 3-4 ऐसे मामले हो रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में ऐसे केस ज्यादा बढ़ गए हैं।

जैन ने भारतीय दूतावास, अमेरिका और भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने लिखा- किसी को पता लगाना चाहिए कि इस छात्र का क्या हो रहा है।

अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर सख्ती बढ़ा रही है अमेरिकी सरकार

यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है, जब अमेरिकी सरकार अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर सख्ती बढ़ा रही है और बिना नोटिस के वीजा रद्द कर रही है। फिलिस्तीन के समर्थन से लेकर ट्रैफिक उल्लंघन तक, अलग-अलग वजहों से छात्र कानूनी मुश्किलों में पड़ जाते हैं।

अमेरिकी सरकार ने दो हफ्ते पहले विदेशी छात्रों के लिए नए वीजा इंटरव्यू पर रोक लगा दी है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे लेकर एक आदेश जारी किया था। आदेश का मकसद देश की यूनिवर्सिटीज में यहूदी विरोध और वामपंथी विचारों को रोकना है।

रुबियो ने दुनिया भर में अमेरिकी दूतावासों को आदेश जारी कर कहा- वे स्टूडेंट वीजा के लिए नए इंटरव्यू शेड्यूल न करें, क्योंकि ट्रम्प सरकार अमेरिका आने वाले छात्रों के सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच को और सख्त करने जा रही है।

उन्होंने आगे कहा- तत्काल प्रभाव से कांसुलर सेक्शन आगे के दिशानिर्देश जारी होने तक स्टूडेंट या एक्सचेंज विजिटर (F, M और J) वीजा के लिए नए अपॉइंटमेंट की इजाजत न दे।

क्लास छोड़ने पर विदेशी छात्रों का वीजा रद्द होगा

ट्रम्प प्रशासन का कहना है कि कोई विदेशी छात्र बिना जानकारी कोर्स छोड़ता है, क्लास नहीं जाता या पढ़ाई बीच में छोड़ता है, तो उसका स्टूडेंट वीजा रद्द किया जा सकता है।

भारत में अमेरिकी दूतावास ने कुछ समय पहले एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। दूतावास ने किसी भी समस्या से बचने के लिए हमेशा अपनी वीजा शर्तों का पालन करने के लिए कहा।

दूसरी तरफ, ट्रम्प सरकार ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के साथ 850 करोड़ रुपए (लगभग 100 मिलियन डॉलर) के कॉन्ट्रैक्ट को रद्द कर दिया है। यह फैसला 28 मई 2025 को लिया गया।

 

सरकार पहले ही इस आइवी लीग स्कूल के लिए 22 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मदद रोक चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *