अमेरिका में भारतीय युवक की बेरहमी से हत्या, रोड रेज के दौरान पिकअप चालक ने मारी गोली

अमेरिका में भारतीय युवक की बेरहमी से हत्या, रोड रेज के दौरान पिकअप चालक ने मारी गोली

आगरा। अमेरिका के इंडियाना शहर में 16 जुलाई की शाम को सदर के रहने वाले गेविन दासौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह पत्नी सिंथिया विवियाना के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। दंपती की शादी 29 जून को हुई थी। बेेटे की अमेरिका में हत्या से परिवार स्तब्ध है। शुक्रवार को गेविन दासौर का अमेरिका में ही अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अस्थियां गंगा में विसर्जन के लिए आगरा लायी जाएंगी।

सदर के देवरी रोड स्थित हिमाचल कालोनी के पिता पवन दासौर ने एक बीमा कंपनी की फ्रेंचाइजी ले रखी है। पवन ने बताया परिवार में 29 वर्षीय गेविन के अलावा पत्नी डिंपल और बेटी दीप्शी दासाैर हैं। गेविन बीएससी करने के बाद अमेजन कंपनी में काम करने लगे। वर्ष 2016 में वह अमेरिका चले गए। वहां पर वर्ष 2018 में अमेरिका में मैकेनिकल में डिप्लोमा करने के बाद खुद का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय शुरू किया था। गेविन की बहन दीप्शी भी अमेरिका में एक आइटी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं

पुत्र गेविन ने इसी वर्ष 29 जून को मैक्सिकन मूल की सिंथिया विवियाना से शादी की। मां डिंपल गेविन की शादी में शामिल होने अमेरिका गई हुई थीं। पिता ने बताया 16 जुलाई की शाम को गेविन अपनी पत्नी विवियाना और बहन दीप्शी के साथ एक माल में घूमने गए थे। बहन वहां से अपने घर को रवाना हो गईं। गेविन और विवियाना बाइक से घर आ रहे थे।
रास्ते में एक पिकअप चालक ने गेविन की बाइक में कट मारा। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई। यह देखकर पिकअप चालक हंसने लगा। गेविन ने चालक को ओवरटेक करके रोका, जिस पर उसने गोली चला दी। जो गेविन की ठोड़ी पर लगी और घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

पिता पवन को 17 जुलाई की सुबह साढ़े सात बजे दीप्शी ने फोन पर गेविन की हत्या की जानकारी दी। जिसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों को उनके घर पर तांता लग गया। होनहार बेटे को खोकर पिता पवन दासौर का बुरा हाल है। वह बेटे की तस्वीर देख कर राेने लगते हैं। बेटी दीप्शी और पत्नी डिंपल ने फोन पर पवन को गेविन का अंतिम संस्कार अमेरिका में करने की जानकारी दी। वह अस्थियां लेकर आगरा आएंगी। जिन्हें गंगा में प्रवाहित किया जाएगा।

अमेरिका में खुद का कारोबार खड़ा करना चाहते थे गेविन

पिता पवन ने बताया पुत्र गेविन बेहद प्रतिभाशाली थे। वह अमेरिका में खुद का कारोबार खड़ा करना चाहते थे। इसीलिए नौकरी के दौरान ही गेविन ने अमेरिका में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। तीन वर्ष पहले ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय खड़ा किया। रोड रेज की घटना ने गेविन को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया।

बुझा दिया घर का चिराग

गेविन दासौर इकलौते बेटे थे। उनकी हत्या से घर का चिराग बुझ गया। पिता ने बताया गेविन पिछले वर्ष सितंबर में आगरा आए थे। वह दो महीने यहां रहे थे। परिवार के लोगों को जून में अपनी शादी के बारे में जानकारी दी थी। वह अक्टूबर में अमेरिका लौट गए। गेविन ने मां को शादी में बुलाने के लिए उनका टिकट बुक कराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *