
श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक विमान हादसे का शिकार होते-होते बचा। श्रीनगर से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट बुधवार दोपहर को बर्फ की चट्टान के एकदम करीब आ गया। विमान की एक साइड बर्फ से टकरा भी गई। हालांकि राहत की बात ये रही कि वक्त रहते विमान रुक गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। सभी जांच के बाद विमान को रवाना किया गया।
इंडिगो की फ्लाइट को बुधवार दोपहर श्रीनगर से दिल्ली की उड़ान भरनी थी। तभी इंजन का दायां हिस्सा एयरपोर्ट पर जमी बर्फ में जाकर फंस गया। ये देख तुरंत ही एयरपोर्ट अधिकारी और कर्मचारी दौड़े और सभी यात्रियों को निकाला। फ्लाइट में 233 यात्री सवार थे।
बता दें कि इस समय में कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। कश्मीर के ज्यादातर हिस्से इस समय बर्फ से ढके हैं। श्रीनगर एयरपोर्ट पर भी बर्फ जमा है लेकिन हवाई सेवाएं जारी हैं। ऐसे में रनवे से तो बर्फ हटाई गई थी लेकिन पास में ही बड़ी चट्टान बर्फ की बनी थी। जिससे ये विमान टकराया। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि विमान का इंजन टैक्सी आउट के समय जमी हुई बर्फ से टकराया।