इंदौर। 22 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड से पहले सोशल मीडिया अकाउंट पर अपडेट किए थे ये स्टेटस

इंदौर में एक छात्रा ने सोमवार देर शाम फांसी लगा ली। वह किसी बात को लेकर तनाव में थी। सुसाइड से पहले सोशल मीडिया अकाउंट पर स्टेटस भी अपडेट किया था। लिखा था कि ‘मेरी मय्यत पर आना तो वक्त पर आना, दफनाने वाले मेरी तरह इंतजार नहीं करेंगे मेरी जान।’ मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया गया है। सोशल मीडिया स्टेटस को लेकर परिवार ने पुलिस को बताया कि यह स्टेटस हमने भी देखा था, लेकिन हम समझ नहीं पाए थे।

आजाद नगर पुलिस के छात्रा प्रमिला पुत्री जगदीश जामले निवासी पालदा (22) ने किराए के कमरे में देर शाम फांसी लगाई। रात को भाई प्रदीप जब उसके कमरे पर पहुंचा तो प्रमिला ने दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांककर देखा तो उसका शव लटका था। उसने परिवार को सूचना दी और पुलिस बुलाई। अधिकारियों ने छात्रा का मोबाइल जब्त किया है। सुसाइड नोट को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है, जांच की जा रही है।

तड़के चार बजे डाले थे 3 स्टेट्स, किसी ने ध्यान ही नहीं दिया

छात्रा प्रमिला ने सुसाइड से कुछ घंटे पहले सोमवार सुबह चार बजे सोशल मीडिया पर 3 स्टेटस डाले थे। एक पर लिखा था ‘मूड ऑफ’। इसके साथ एक इमोजी थी। दूसरे स्टेटस में लिखा था- मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। तीसरे में लिखा था ‘मेरी मय्यत पर आना तो वक्त पर आना, दफनाने वाले मेरी तरह इंतजार नहीं करेंगे मेरी जान।

लेकिन परिवार को लगा कि प्रमिला ने सामान्य तौर पर स्टेटस लगाए हैं। किसी ने उससे मोबाइल पर बात ही नहीं की, न इस पर ध्यान दिया।

आखिरी समय पर डाले स्टेट्स

पढ़ाई के साथ कर रही थी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी

प्रमिला के परिवार में उसकी तीन बहनें और दो भाई हैं। वह मूलत: देवास जिले के उदयनगर की रहने वाली है। यहां गर्ल्स कॉलेज से MA की पढ़ाई कर रही थी। वहीं उसने इंदौर के भंवरकुआ की कोचिंग इंस्टीट्यूट में भी एडमिशन लिया था। यहां वह किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। कुछ दिन पहले उसने आंगनवाड़ी सुपरवाइजर के लिए फॉर्म भी भरा था। इसकी भी तैयारी कर रही थी।

रूम मैट शादी में गई थी, 15 दिन पहले ही छोटा भाई इंदौर आया

छात्रा प्रमिला, रूम मैट सहेली सपना के साथ यहां किराए के कमरे में रहती थी। रूम मैट सहेली परिवार में शादी होने के कारण अपने गांव गई हुई थी। प्रमिला रूम पर अकेली थी इसलिए 15 दिन पहले गांव से छोटा भाई प्रदीप इंदौर आ गया था। वह भी अलग रहकर कैटरिंग का काम करने लगा था। मिलने के लिए बहन के रूम पर आता था।

परिवार ने बताया कि प्रदीप के कपड़े प्रमिला के रूम पर रखे थे। सोमवार शाम वह उसे लेने ही प्रमिला के कमरे पर गया था। पढ़ाई को लेकर भी किसी तरह के तनाव की बात से इनकार किया है। लेकिन सोशल मीडिया स्टेटस के एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *