इंदौर में हाईटेंशन लाइन का कहर: पतंग उतारते समय 9 साल का मासूम पोल से चिपका, 70% झुलसा; वीडियो सामने, एमवाय अस्पताल में हालत नाजुक — 14 दिन में दूसरी घटना, बिजली सुरक्षा पर गंभीर सवाल

इंदौर में बिजली के पोल से पतंग उतार रहा 9 साल का बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। 70 फीसदी तक झुलसने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना रविवार शाम चंदन नगर थाना क्षेत्र के नगीन नगर की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा लाइन से चिपका हुआ दिख रहा है। स्थानीय लोग उसे रेस्क्यू करते नजर आ रहे हैं।

घायल बच्चे की पहचान गोविंद गौर के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल से ही पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। एमवाय अस्पताल में भर्ती है।

तेज धमाका और पटाखे जैसी आवाज आई स्थानीय निवासी गौरव ने बताया कि गोविंद एक बिजली के पोल पर पतंग उतारने चढ़ा था। इसी दौरान वह अचानक हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज धमाके और पटाखों जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नीचे उतारा। इसके बाद उसे तत्काल वाहन से एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया।

पिता मिस्त्री का काम करते हैं, मां गृहिणी गोविंद के पिता मनीष मिस्त्री का काम करते हैं, जबकि मां प्रीति पटेल गृहिणी हैं। परिवार मूल रूप से विदिशा का रहने वाला है। वर्तमान में इंदौर में किराए के मकान में रह रहा है।

12 साल के बच्चे की हो चुकी मौत गौरतलब है कि इसी तरह की एक घटना धार रोड पर भी सामने आई थी, जहां 12 साल का बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। उस मामले में छत्रीपुरा पुलिस ने मर्ग कायम किया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *