इंदौर। दोस्तों के साथ रात में डिनर पर जा रहे बैंक एग्जीक्यूटिव को ट्रक ने कुचला, CCTV में कैद हुई वारदात – देखें VIDEO

इंदौर में देवास नाका पर बुधवार रात एक बैंक के सीनियर सेल्स एग्जीक्यूटिव की एक्सीडेंट में मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ बाइक पर बैठकर डिनर करने रेस्टोरेंट जा रहे थे। देवास नाका के रेड सिग्नल पर रुके। जैसे ही सिग्नल ग्रीन हुआ पीछे से तेजी से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। हादसे का CCTV गुरुवार सुबह सामने आया है।

दोस्तों ने पुलिस को बताया कि ट्रक काफी स्पीड में था। सड़क पर गिरे मैनेजर का सिर कुचलते हुए आगे निकल गया। बैंक अफसर को उनके साथ मौजूद दोस्त नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि कुछ लोगों ने ट्रक रोककर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

लसूड़िया पुलिस ने बताया कि घटना अवनीश पिता रामरतन (34) निवासी तलावली चांदा स्थित रास टाउनशिप के साथ हुई। उन्हें पीछे से आ रहे ट्रक नंबर MP09HH8351 ने टक्कर मार दी। इससे अवनीश नीचे गिर गए। वह उठ पाते तब तक ट्रक आगे बढ़ा और कुचलते हुए निकल गया। अवनीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दोस्तों ने बताया कि अवनीश कोटक महिंद्रा बैंक की फाइनेंस ब्रांच में सीनियर सेल्स एग्जीक्यूटिव थे। तीन दिन पहले एलआईजी से फ्लैट खाली करके रास टाउनशिप में शिफ्ट हुए थे।

मृतक अवनीश पिता स्व. रामरतन। दोस्तों के मुताबिक अवनीश ग्वालियर का रहने वाला था। कुछ साल पहले पिता की मौत के बाद से घर की जिम्मेदारी उसी के ऊपर थी। अवनीश अपनी मां का इकलौता बेटा था।

मां को नहीं बताई एक्सीडेंट की बात

दोस्तों ने बताया कि अवनीश की मां ग्वालियर में रहती है। उन्हें रात में अवनीश की मौत की जानकारी नहीं दी गई। हालांकि परिवार के अन्य सदस्यों को दोस्तों ने अवनीश के एक्सीडेंट से मौत की सूचना दे दी। कुछ रिश्तेदार ग्वालियर से इंदौर पहुंचे हैं। अवनीश का अंतिम संस्कार ग्वालियर में होगा। परिजन पोस्टमार्टम के बाद अवनीश का शव लेकर ग्वालियर रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *