
सुदामा नगर इलाके में 16 आवर्स जिमनेशियम से निकले ड्राइवर पर बुधवार सुबह नकाबपोश बदमाश ने एक्टिवा से आकर गोली चला दी। गोली उसके सिर के पिछले हिस्से को छूकर निकली। वह गंभीर घायल हुआ है। हमले में सुपारी किलिंग की बात सामने आ रही है। बताते हैं जिसे गोली मारी है, वह मुखबिर होने के साथ थाना प्रभारी का करीबी भी रहा है। उसका पत्नी से तलाक व भरण-पोषण को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
अन्नपूर्णा एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि घटना सुदामा नगर रिंग रोड की सर्विस रोड पर संचालित जिम के बाहर हुई। गोली से घायल का नाम अविनाश उर्फ पिंटू सेन (35) है। हमें फुटेज मिले हैं, उसी आधार पर बदमाश की खोज की जा रही है। घायल को जिम के लोग हॉस्पिटल ले गए। वह आईसीयू में है, बयान देने की स्थिति में नहीं है। स्थल से 32 बोर की पिस्टल का खोल मिला है। गोली देशी पिस्टल से चलाई गई है।
पत्नी से तलाक हुआ, गर्लफ्रेंड से भी चल रहा है विवाद
एडि. डीसीपी आनंद यादव ने बताया कि अविनाश ने 2017 में पत्नी से तलाक ले लिया था। पत्नी ने इस पर भरण-पोषण का केस लगा रखा है। इसके अलावा इसने एक युवती से शादी का वादा कर शादी नहीं की, बल्कि सांवेर क्षेत्र की दूसरी युवती से शादी की बात की है। उस युवती इससे भी विवाद है। उस युवती के बॉयफ्रेंड से भी इसकी बन नहीं रही है। इसके अलावा डेढ़ साल पहले इसने मल्हारगंज में नकली सोने के लेनदेन में जिंसी के मोंटू शुक्ला पर केस दर्ज करवाया था। अब तक की जांच में कांट्रेक्ट किलिंग की साजिश दिख रही है।
टीआई के लिए ड्राइवरी करता है- थाना प्रभारी संजू कामले के लिए अविनाश ड्राइवरी का काम करता है। नसुस से जुड़ा होने के नाते अन्नपूर्णा थाने से जुड़ा है। कई बार बाहरी आरोपियों की धरपकड़ व थाने की कार्रवाई के समय ये उपस्थित रहा है। कई प्रकरणों में इसका हस्तक्षेप रहता था। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।