इंदौर। एक दुकान में रखे अलग-अलग साइज के 8 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग – देखें VIDEO

इंदौर जिले के शिप्रा में एक दुकान में रखे अलग-अलग साइज के 8 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट के बाद आग लग गई। एक के बाद एक 8 धमाके हुए।दो लोग घायल हो गए। दुकान की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। धमाके इतने तेज थे कि दुकान की दीवारें भी ढह गईं। इससे सटी दो अन्य दुकानों में भी आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पास की बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। सिलेंडरों में दो, पांच, 14 किलो और कॉमर्शियल सिलेंडर शामिल थे।

दुकान में रखे अलग-अलग साइज के 8 सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ।

घटना शहर के शिप्रा इलाके में शुक्रवार दोपहर की है। आग पर काबू पाने के लिए इंदौर, सांवेर और देवास से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए फोम का भी उपयोग किया गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए जिन्हें देवास के महात्मा गांधी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ब्लास्ट इतना तेज था कि छत का प्लास्टर गिर गया। सरिया दिखने लगी। दीवार भी धमाके से टूट गई।

शिप्रा थाना प्रभारी जीएस महोबिया ने बताया कि लोहार पिपल्या का रहने वाला मनीष पटेल छोटे चूल्हे और बर्तन बेचता है। वह घरेलू गैस के छोटे सिलेंडर बेचता भी है और उनकी री-फीलिंग भी करता है। री-फीलिंग के दौरान ही हादसा हुआ। मनीष और विशाल नवलिया घायल हुए हैं फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

आग पर काबू पाने के लिए इंदौर, सांवेर और देवास से फायर ब्रिगेड पहुंचीं।

एसडीएम बोले-दुकानदार पर करेंगे कार्रवाई

सांवेर एसडीएम गोपाल सिंह वर्मा ने बताया कि इंदौर-भोपाल रोड पर शिप्रा कस्बा है। यहां बाजार के अंदर एक दुकान में गैस सिलेंडर रखे हुए थे। यहां अवैध रूप से बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में रीफीलिंग होती थी। विभाग पहले भी ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई कर चुका है। फिर से फूड विभाग जांच कर कार्रवाई करेगी।

सांवेर एसडीएम गोपाल सिंह वर्मा।

एक साल से हो रही गैस की अवैध रीफीलिंग

जिस दुकान में ब्लास्ट हुआ है उसी के पड़ोस में अर्जुन वर्मा की हेयर सैलून की दुकान है। सैलून संचालक का कहना है कि मनीष द्वारा लगभग एक साल से गैस रीफिलिंग का काम किया जा रहा था। आज अचानक ब्लास्ट हो गया। आग इतनी तेज थी की कंट्रोल करना मुश्किल था। सभी पड़ोसी दुकानदार पहुंचे है। उन लोगों को बाहर निकाला। हमारी दुकान में भी काफी नुकसान हुआ है।

सैलून संचालक अर्जुन वर्मा, प्रत्यक्षदर्शी

गुरुवार को इंदौर में भी हुआ था सिलेंडर में ब्लास्ट

गुरुवार सुबह खजराना इलाके के साईंकृपा कॉलोनी की एक मल्टी के फ्लैट में ब्लास्ट हो गया। फ्लैट में युवती अकेली रहती थी। रातभर उसके कमरे में गैस रिसती रही। सुबह जैसे ही उसने चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाना चाहा तो ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दिया। धमाके से दरवाजे, खिड़की सामान टूट फूट गया। युवती भी झुलसी हालत में बाहर भागी। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *