इंदौर। 16वीं मंजिल से कूदने वाली छात्रा की मौत मामले में आया नया मोड़, परिवार ने सुसाइड मानने से किया इंकार; जानिए शक गहराने की वजह – देखें VIDEO

गुरुवार को पिनेकल ड्रीम्स में एक्टिवा पर दाखिल होते हुए मुस्कान का वीडियो शुक्रवार को सामने आया।

इंदौर के पिनेकल ड्रीम्स सोसायटी की 16वीं मंजिल से कूदी BBA की छात्रा मुस्कान अग्रवाल (22) की मौत में नया मोड़ आ गया है। परिवार ने इसे सुसाइड मानने से इंकार कर दिया है। परिजन ने मौत पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘पुलिस ठीक से जांच कर लें। आज तो शव ले जा रहे हैं, लेकिन दो दिन बाद समाजजन इंदौर आकर कमिश्नर से मिलेंगे।’

इधर, शुक्रवार को मुस्कान का एक वीडियो सामने आया। जिसमें वह घटना वाले दिन रैपिडो स्कूटर पर पिनेकल ड्रीम्स सोसायटी आते नजर आ रही है।मुस्कान के ताऊ अजय अग्रवाल ने बताया- भतीजी मुस्कान का BBA कम्प्लीट होने वाला था। MBA के लिए बंगलुरू का कॉलेज मिला था। हालांकि, वह मुंबई जाना चाहती थी। वह पिता से हर बात शेयर करती थी। 11 अप्रैल को घटना से पहले भी मां से फोन पर बात की थी। तब सब कुछ ठीक था। ऐसे में कुछ घंटे बाद होस्टल से अचानक कहीं और जाकर सुसाइड कैसे कर लेगी? परिवार के आरोपों पर पुलिस की ओर से बयान नहीं आया है।

फ्रेंड सर्कल और चैट से खुलेंगे राज, लेकिन इंस्टा अकाउंट डिलीट

घटना के बाद मुस्कान के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड को पुलिस ने निकाल लिया है। मोबाइल और लैपटॉप को अनलॉक कराकर मैसेज और ईमेल आदि चेक किए जाएंगे। सोशल मीडिया एकाउंट भी देखा जाएगा।

इधर, घटनाक्रम के दौरान छात्रा का इंस्टा एकाउंट डिलीट कर दिए जाने की बात सामने आई है। इंस्टा अकाउंट से इंदौर के लोकल फ्रेंड सर्कल और आखिरी चेट्स की जानकारी मिल सकती थी, अब उसे भी रिकवर करने की कोशिश की जा रही है।

स्कीम 54 के होस्टल में मुस्कान जिस सहेली के साथ रहती थी, उसे भी जांच के दायरे में लिया है। उससे पूछा जा रहा है कि वह बार-बार कॉल क्यों करती रही।

 

 

होस्टल रूम मैट ने कहा- मैं तो भोजन के लिए उसे फोन कर रही थी

मुस्कान की किसी लड़के से दोस्ती नहीं थी। लड़कों से ज्यादा बात भी नहीं करती थी। लेकिन यह बात है कि वह क्या प्लानिंग करती थी, किसी को भी बताती नहीं थी। गुरुवार को भी वह अचानक होस्टल के रूम से चली गई थी। वह दोपहर करीब 12 बजे के लगभग बाहर निकली थी।

आधे घंटे बाद कॉल किया। लेकिन उसने कोई कॉल रिसीव नहीं किया। दो घंटे बाद दोपहर दो बजे मुस्कान के भाई अंशुल को फोन पर बताया। कहा कि मुस्कान कॉल नहीं उठा रही। उसे खाना भी मंगवाना था। आज यहां खाना ठीक नहीं बना है।

परिवार ने बताया भाई अंशुल ने भी मुस्कान को कॉल किए, लेकिन उसके कॉल भी नहीं उठाए। अंशुल ने पिता को यह जानकारी दी। पिता ने वहीं से तत्काल पुलिस को बताया। 20 मिनट बाद पुलिस को मुस्कान की लोकेशन पिनेकल ड्रीम्स में मिली।

इस पर परिवार ने इंदौर में रहने वाले रिश्तेदार युवक को तत्काल पिनेकल ड्रीम्स भेजा। यहां पुलिस पहले से ही खड़ी मिल गई। उन्होंने बताया एक युवती ऊपर से गिरी है। परिचित युवक ने नजदीक जाकर देखा तो वह मुस्कान निकली जो खून से लथपथ थी। रहवासियों ने बताया यहां कई युवक-युवती किराए से रहते हैं। आए दिन यहां पार्टियां होती हैं।

इन तस्वीरों से समझें पूरा घटनाक्रम…

 

मुस्कान अग्रवाल ने इसी पिनेकल ड्रीम्स टाउनशिप की 16वीं मंजिल से कूदकर जान दी।

पुलिस परिजन और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले को सुलझाने में जुटी है।

मुस्कान का शव एंबुलेंस से  पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *