
इंदौर से अहमदाबाद जा रहे चार दोस्तों की कार बाइक को टक्कर मारते हुए खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। कार में सवार एक युवक की अहमदाबाद में आइसक्रीम की दुकान का उद्घाटन होना था। वह अपने तीन दोस्तों के साथ निकला था।
हादसा रविवार दोपहर को अहमदाबाद-इंदौर हाईवे पर कंभा के चंदियाल गांव के पास हुआ। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया। आसपास मौजूद लोगों ने कार सवार युवकों को बाहर निकाला। तीनों घायल दोस्तों को अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
देखिए तीन तस्वीरें


कार में पीछे बैठे युवक की गई जान इंदौर के रहने वाले अजय राजपूत के दोस्त पुष्पक यादव की अहमदाबाद में आइसक्रीम की दुकान का उद्घाटन हो रहा था। अजय, पुष्पक, रज्जू गौड़ और राहुल राजपूत समेत चार दोस्त रविवार सुबह अहमदाबाद के लिए निकले थे। कार पुष्पक चला रहा था। हादसे में अजय, राहुल और पुष्पक घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे रज्जू गौड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक सवार भी उछलकर दूर जा गिरा सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्रक से टकराने से पहले कार एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लेती है। कार की टक्कर से बाइक सवार उछलकर जमीन पर गिर जाता है। बाइक सवार भी हॉस्पिटल में भर्ती है। कार चालक पुष्पक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुष्पक गंभीर चोटों के कारण अभी भी बेहोश है।