इंदौर। प्रभातफेरी हत्याकांड मामले में हुआ एक और आरोपी गिरफ्तार, भाजपा पार्षद का संदेही भतीजा अभी भी फरार

अन्नपूर्णा क्षेत्र में प्रभातफेरी में हुई भाजयुमो के कार्यालय मंत्री शुभम रघुवंशी की हत्या में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी को सांवेर से पकड़ा है, जबकि दूसरा पहले से हिरासत में था, वह जख्मी है। वहीं भाजपा पार्षद का संदेही भतीजा अभी भी फरार है। घटना को लेकर बजरंग दल के लोग आक्रोशित हैं और रविवार को बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

एडिशनल डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा के अनुसार प्रभातफेरी में हुई शुभम की हत्या के मामले में अन्नपूर्णा पुलिस ने आरोपी कपिल यादव को 60 फीट रोड से पकड़ा है। उसे गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया गया। जबकि कृष्णा प्रजापत की गिरफ्तारी शुक्रवार को ली है। कृष्णा पहले दिन मारपीट में जख्मी हुआ था और चंदन नगर थाने से पकड़ा गया था।

युवराज को लेकर फरार हुआ था पार्षद का भतीजा

पुलिस का कहना है इस घटनाक्रम में अब तक यश, युवराज, कपिल और कृष्णा गिरफ्तार हो चुके हैं, अन्य चार नामजद फरार हैं। गिरफ्त में आए आरोपियों ने कबूला कि भाजपा पार्षद संध्या यादव का भतीजा काला यादव भी हमारे साथ था। हत्या के बाद वह युवराज के साथ भागा है। युवराज को दूसरे इलाके में फरार करवाने में उसका हाथ है। आरोपियों के बयानों के बाद काला की तलाश की जा रही है।

बजरंग दल रविवार को करेगा आंदोलन

इधर, भाजयुमो के कार्यालय मंत्री शुभम की हत्या के बाद से बजरंग दल में आक्रोश है। घटना वाले दिन उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया था। शुक्रवार को इन्होंने बैठक में तय किया कि नशाखोरी पर लगाम लगाने के लिए अब शासन-प्रशासन को चेतावनी देंगे। पुलिस-प्रशासन ने कोई एक्शन नहीं दिया तो रविवार को बजरंग दल बड़ा प्रदर्शन होगा। इसमें अफसरों की अर्थी भी निकाली जाएगी। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शुभम के परिजन को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *