इंदौर। कांग्रेस को लगा एक और बड़ा झटका, जीतू पटवारी के करीबी ने ली बीजेपी की सदस्यता

इंदौर के कांग्रेस नेताओं का पाला बदलने का खेल जारी है। इंदौर-1 और देपालपुर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल के बाद अब इस सूची में नया नाम जुड़ गया है। खास बात यह कि कांग्रेस नेता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के फुफेरा भाई ने भी पार्टी छोड़ दी।

गुरुवार को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में इंदौर जिला कांग्रेस के कार्य-वाहक अध्यक्ष बलराम पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ली।

इधर, बलराम पटेल को भाजपा में शामिल कराने में देपालपुर के पूर्व विधायक विशाल पटेल ने अहम भूमिका निभाई है। भोपाल में भाजपा की सदस्यता लेने पहुंचे बलराम पटेल ने सदस्यता लेने के बाद अबकी बार 400 पार का नारा भी लगाया।

मंत्री तुलसी सिलावट और विशाल पटेल के साथ बीजेपी में नए जॉइन हुए कांग्रेस के पूर्व नेता व कार्यकर्ता।

कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देपालपुर के पूर्व विधायक पटेल के कहने के बाद ही बलराम पटेल बीजेपी में शामिल हुए है। वहीं बलराम पटेल अपने साथ कई सरपंच, उपसरपंच और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को लेकर भोपाल ले गए हैं।

बता दें कि बलराम पटेल पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की बुआ के बेटे हैं। बलराम का कहना है कि जब से राम मंदिर को लेकर कांग्रेस ने मुंह फेरा था, तभी से यहां मन नहीं लग रहा था। जीतू पटवारी मेरे आदरणीय रहेंगे लेकिन संगठन में बदलाव करना कांग्रेस की तासीर में नहीं हैं। मैंने इस्तीफा भोपाल भेज दिया है। जीतू पटवारी का फोन आया था। उन्होंने समझाया लेकिन मैंने उन्हें संगठन की कमियां बताकर अपनी बात कह दी थी।

कांग्रेस इंदौर जिला अध्यक्ष ने भोपाल में ली बीजेपी की सदस्यता।

बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेसी

कांग्रेसियों के शामिल होने से बीजेपी का कुनबा लगातार बड़ा होता जा रहा है। इंदौर बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इंदौर इकलौता ऐसा जिला है, जहां डेढ़ हजार जनप्रतिनिधि सिर्फ भाजपा के होंगे। इसमें पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर पंचायत के पार्षद, नगर पंचायत अध्यक्ष, विधायक, महापौर और सांसद शामिल हैं। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि चुनाव के दौरान करीब एक हजार लोगों को भाजपा में लाने की तैयारी की जा रही है। शिप्रा के पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटेल, जनपद सदस्य संतोष चौधरी, सेवा सहकारी संस्था सांवेर के पूर्व अध्यक्ष रमेशचंद्र सुनानिया, पूर्व मंडी उपाध्यक्ष किशोर पटेल सहित तीन दर्जन पुराने कांग्रेसी नेताओं ने आज भोपाल में बड़े नेताओं के सामने भाजपा की सदस्यता ली है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *