
इंदौर के लसूडिया इलाके में रहने वाले एक निजी बैंक के सेल्स ऑफिसर ने अपने ही दोस्त के द्वारा ठगी के अलग-अलग मामलों की शिकायत लसूड़िया पुलिस से की है। शिकायत वापस लेने के लिए पीड़ित को यूपी से भी फोन आए। जिसमें खुद को बीजेपी का प्रभारी बताने वाले व्यक्ति ने सीएम का नाम लेकर घर पर बुलडोजर चलवाने की भी धमकी दे डाली।
मामले में सेटलमेंट करने के लिए सीएम का फर्जी मोबाइल नंबर भी दे दिया। पीड़ित सोमवार को फिर से थाने पहुंचा ओर थाने पर बैठे अफसरों को मामले की जानकारी दी। यहां से पुलिस उसे आरोपियों के राजेन्द्र नगर इलाके में स्थित घर भी लेकर पहुंची। लेकिन वह नहीं मिले।
पहले जान लीजिए क्या है पूरा मामला…
महालक्ष्मी नगर में रहने वाले आदर्श नामक पीड़ित ने राजेन्द्र नगर इलाके में रहने वाले अमन दुबे और उसके भाई शशांक दुबे के खिलाफ धमकाने की शिकायत लसूड़िया पुलिस से की है। आरोपी अमन पीड़ित का बचपन का दोस्त है। जून 2023 में अमन ने आदर्श के अकाउंट से 74 हजार रुपए का आईफोन, क्रोमा सेंटर एअरपोर्ट रोड से फाइनेंस करवा लिया। इसकी किश्तें अमन ने जमा कराने की बात की थी, लेकिन उसने एक भी किस्त जमा नहीं की। इसके बाद जुलाई में जल्द रुपए लौटाने का बात करते हुए आदर्श के क्रेडिट कार्ड से 71 हजार रुपए भाई के अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए।
इसी माह जुलाई में सपना-संगीता इलाके की एक मोबाइल दुकान पर क्रेडिट कार्ड से 42 हजार रुपए का बिल जनरेट करवाकर रुपए केश लेकर जल्द देने की बात की गई। इसके बाद इसी माह रिंग एप से 8 हजार का लोन आदर्श के अकाउंट से ही करवाया गया। इसके बाद 15 जुलाई 2023 को इंस्टाग्राम पर एक महिला के नाम से फेक मैसेज भेजा गया। यह बात आदर्श ने अमन को बताई तो उसने कहा कि उसके और भाई के पास उसका एक अश्लील वीडियो आया है। महिला को सेटलमेंट करने के लिए 2 लाख रुपए देना पड़ेंगे। इसके बाद 2 लाख रुपए की व्यवस्था करके दी गई।
24 जुलाई 2023 को अमन ने कहा कि वह चैटिंग और वीडियो वायरल कर देगा। उसे एक आईफोन की जरूरत है। इस पर डर के चलते 65 हजार रुपए भरकर एक फोन फाइनेंस करवाया। इसके बाद एसी, कपड़े और बहन के इलाज के नाम से अलग-अलग बार में हजारों रुपए ठगे गए। अमन ने अगस्त में एचडीएफसी के क्रेडिट कार्ड से 54 हजार से ज्यादा रुपए और आईसीआईसीआई के क्रेडिट कार्ड से 22 हजार से ज्यादा रुपए ले लिए। इसमें मैसेज के लिए खुद का नंबर अपडेट कर दिया।
यूपी से बुलडोज़र अब एमपी में आ गया है
सोमवार को लसूडिया पुलिस के पास महालक्ष्मी नगर में रहने वाला पीड़ित पहुंचा। उसने बताया कि उसे यूपी से राम प्रसाद त्रिपाठी नामक व्यक्ति धमका रहा है। आदर्श ने बताया कि यह पूरी प्लानिंग उसके दोस्त अमन दुबे और उसके भाई आकाश ने की है जो गुजरात के रहने वाले हैं। यहां अमन राजेन्द्र नगर इलाके में रह रहा है। दोनों पहले भी इंस्टाग्राम पर युवती की फेंक आईडी से मैसेज आने और अश्लील वीडियो के नाम पर समझौता कराने के लिए दो लाख रुपए ले चुके हैं। अभी और रुपए मांग रहे हैं। उन्हें पहले से ही अलग-अलग कामों के बदले करीब छह लाख रुपए दे चुका है। इसके कारण वह खुद कर्ज में आ गया। आदर्श ने बताया कि खुद को यूपी बीजेपी प्रभारी बताने वाले मिश्रा ने रिकार्डिंग में कहा कि पहले वाले सीएम सीधे हैं। दूसरे सीएम अब बुलडोजर चलवा रहे हैं। यूपी से बुलडोजर एमपी में आ गया है। उसके कहे मुताबिक काम कर ले। नहीं तो वह सीएम से बात कर घर पर बुलडोजर चलवा देगा।इतना ही नही वह सीएम का नंबर मांगने पर एक फर्जी नंबर भी आदर्श को रिकार्डिग में दे रहा है। जो सीएम का नंबर नहीं है।
दो लाख की सुपारी देकर हत्या की धमकी
आदर्श ने बताया कि अमन करीब 6 लाख रुपए उधार ले चुका है। रुपए मांगने पर उसने दो चैक दे दिए। लेकिन इसके बाद कुछ दिनों से लगातार यूपी से कॉल कर युवती के नाम से धमकी दिलवा कर समझौता कर रुपए भूल जाने का दबाव बनाया जा रहा है। अमन ने यह भी कहा है कि छह लाख रूपये नही देगा। उसने दो लाख की सुपारी देकर हत्या करने की बात भी कही।