
इंदौर में एक कार ने बाइक सवार दंपती को पहले टक्कर मारी। जब महिला का पति कार चालक से बात करने गया तो उसने गाड़ी आगे बढ़ा दी। वह उसे करीब 25 फीट दूरी तक घसीटते ले गया। इसके बाद कार लेकर फरार हो गया। 5 दिन पुरानी इस घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया है।
दरअसल, 21 अप्रैल रविवार की शाम करीब 6 बजे शहर के पाटनीपुरा-मालवा मिल रोड पर किशोरी लाल कुशवाह (44) पत्नी आशा के साथ बाइक से बाजार जा रहा था। तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे पत्नी आशा बाइक से गिर गई। किशोरी लाल ने उसे उठाया और कार की तरफ बढ़ा। जब कार चालक गाड़ी आगे बढ़ा रहा था, तो किशोरी लाल ने बोनट पकड़ लिया था। लेकिन उसने कार नहीं रोकी। वह किशोरीलाल को घसीटता हुआ आगे बढ़ता गया।
वहां मौजूद लोगों ने किशोरी लाल के मोबाइल से परिवार को सूचना दी। बेटा सत्यम व अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। किशोरी लाल को एम्बुलेंस से एमवाय हॉस्पिटल ले जाया गया। उनके एक पैर की हड्डी फ्रैक्चर हुई है। पत्नी को मामूली चोट आई है।

किशोरी लाल कुशवाह को स्कॉर्पियो ने 25 फीट तक घसीटा था। उनके पैर में फ्रैक्चर आया है।
किशोरी लाल बोले- मुझे तो होश ही नहीं था
किशोरी लाल ने बताया कि स्कॉर्पियो ड्राइवर ने जैसे ही मुझे चपेट में लिया, उसके बाद मुझे होश ही नहीं था। हॉस्पिटल में एडमिट होने के कुछ समय बाद मुझे होश आया। मुझे ठीक होने में काफी समय लगेगा। घायल किशोरी लाल जेसीबी ड्राइवर है। परिवार में पत्नी और तीन बेटे सत्यम, शिवम और सुंदर है। सत्यम जॉब करता है। दो छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं।

इसी स्कॉर्पियो से घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मालिक पर केस दर्ज कर लिया है।
स्कॉर्पियो महेश दांगी के नाम पर
तुकोगंज पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। 5 दिन पुरानी घटना का वीडियो भी पुलिस के पास है। मप्र परिवहन विभाग के अनुसार, गाड़ी महेश सोजीराम दांगी के नाम से रजिस्टर्ड है जो कि नेहरू नगर का रहने वाला है। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।